संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण और महिला आरक्षण बिल को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर कहा कि देश की नारी शक्ति को सशक्त बनाने का उनका संकल्प अटल है और सरकार महिलाओं से किए गए वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नारी शक्ति के उत्थान और नीति-निर्माण में उनकी उचित भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है।
सरकार पिछले कानून में संशोधन पर विचार कर रही है, जिसका उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना है। ये प्रस्तावित बदलाव अप्रैल में लोकसभा में संविधान विधेयक 2026 के पारित न हो पाने के बाद लाए जा रहे हैं। पिछले विधेयक में महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को परिसीमन से जोड़ा गया था और लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव रखा गया था।
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर को लोकसभा की बैठक के साथ शुरू होगा, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी। सरकारी कामकाज की उपलब्धता के आधार पर इस विशेष सत्र के 3 दिसंबर को समाप्त होने की उम्मीद है।
