प्रयागराज में गंगा पर बन रहे सिक्स लेन पुल के निर्माण की समय सीमा छह बार बढ़ चुकी है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने 10 दिसंबर तक पुल के एक लेन पर आवागमन शुरू कराने का निर्देश दिया है और चेतावनी दी है कि समय सीमा का पालन न होने पर संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इस तरह एक लेन शुरू करने के लिए महज 12 दिन का समय बचा है, जो भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
करीब 2000 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल को महाकुंभ 2025 से पहले जनता के लिए खोलने की योजना थी, लेकिन निर्माण में देरी और लापरवाही के कारण समय सीमा छह बार बढ़ानी पड़ी। अब पुल का अधिकांश निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन कलश चौराहा की ओर कुछ दूरी तक सड़क अभी नहीं बन पाई है और फिनिशिंग का काम भी शेष है। निर्माण एजेंसी दिन-रात काम कराने का दावा कर रही है, फिर भी तय समय पर आवागमन शुरू होने को लेकर संशय बना हुआ है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दो नवंबर को पुल का निरीक्षण किया था और 25 से 30 नवंबर तक एक लेन पर आवागमन शुरू कराने तथा 25 दिसंबर तक पूरा पुल जनता को समर्पित करने का निर्देश दिया था। हालांकि नवंबर के अंतिम दिनों तक भी पुल पर यातायात शुरू होने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। उधर, पुल जल्द शुरू होने की उम्मीद में माघ मेला के लिए फाफामऊ की ओर पीपा पुल न बनाने का निर्णय लिया गया है।
