ब्रिटेन के शाही परिवार के प्रिंस विलियम ने तीन दिवसीय भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस बातचीत के दौरान उनकी पत्नी और वेल्स की राजकुमारी कैथरीन भी मौजूद रहीं। प्रधानमंत्री मोदी के साथ इस मुलाकात के साथ ही प्रिंस विलियम का भारत दौरा संपन्न हो गया। ब्रिटिश शाही परिवार का यह जोड़ा पिछले तीन दिनों से भारत में था।

केंसिंग्टन पैलेस और प्रिंस विलियम के सोशल मीडिया हैंडल ने पीएम मोदी के साथ हुई इस मुलाकात की तस्वीरें साझा की हैं। केंसिंग्टन पैलेस ने इस मुलाकात को भारत में बिताए गए बेहद खास दिनों का उपयुक्त समापन बताया है।

इस यात्रा से पहले केंसिंग्टन पैलेस के एक प्रवक्ता ने दोनों देशों के बढ़ते संबंधों पर जोर दिया था। प्रवक्ता के अनुसार, इसमें दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार, निवेश, सुरक्षा, तकनीक, शिक्षा और संस्कृति जैसे क्षेत्र शामिल हैं। प्रवक्ता ने कहा था कि यह मुलाकात उस रिश्ते के महत्व को दर्शाती है और यह भी दिखाती है कि शाही जोड़ा दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने और उन्हें सेलिब्रेट करने में कितनी अहम भूमिका निभा सकता है।