सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की वैधता अवधि को लेकर नए नियम जारी किए हैं। 13 नवंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, 6 साल तक पुरानी BS-VI निजी गाड़ियों का PUC सर्टिफिकेट अब 3 साल तक वैध रहेगा। वहीं, 6 साल से ज्यादा और 10 साल तक पुरानी गाड़ियों को हर साल सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा। नए नियमों में निजी और व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग-अलग वैधता अवधि तय की गई है। ये नियम राजपत्र में प्रकाशित होते ही लागू हो गए हैं।
नियमों में रिन्यू किए गए सर्टिफिकेट की प्रभावी तारीख भी स्पष्ट की गई है। अगर मौजूदा सर्टिफिकेट की एक्सपायरी से 10 दिन पहले के भीतर रिन्यूअल कराया जाता है, तो नया सर्टिफिकेट पुराने सर्टिफिकेट की एक्सपायरी की तारीख से प्रभावी होगा। एक्सपायरी के बाद रिन्यूअल कराने पर नया सर्टिफिकेट रिन्यूअल की तारीख से लागू होगा।
मंत्रालय के अनुसार, नए नियम लागू होने से पहले जारी किए गए सर्टिफिकेट पर संशोधित वैधता अवधि पहली बार रिन्यू कराए जाने के बाद लागू होगी।
