कनाडा के क्यूबेक प्रांत में सरकारी कर्मचारियों के ड्यूटी के दौरान हिजाब, पगड़ी और क्रॉस जैसे धार्मिक निशान पहनने पर लगी रोक जारी रहेगी। कनाडा के सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को बिल 21 के नाम से जाने जाने वाले इस कानून की वैधता को बरकरार रखा है। क्यूबेक ने 2019 में संविधान के नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज के तहत यह कानून पास किया था, जो सरकारों को धर्म की आजादी से जुड़े कुछ अधिकार खत्म करने की इजाजत देता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कानून को कई संगठनों ने अदालत में चुनौती दी थी।
मुस्लिम, सिख और कैथोलिक महिला शिक्षकों समेत कई समूहों का मानना था कि यह कानून उनके मौलिक अधिकारों के खिलाफ है। क्यूबेक के सिविल लिबर्टी समूहों ने बिल 21 की आलोचना करते हुए कहा है कि इसका सबसे ज्यादा असर हिजाब पहनने वाली मुस्लिम महिलाओं पर पड़ता है और इसने उन्हें प्रांत में सार्वजनिक जीवन के अहम हिस्सों से बाहर कर दिया है। समूहों ने सुप्रीम कोर्ट से बिल 21 की संवैधानिकता और नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज के इस्तेमाल को लेकर सवाल पूछे थे।
शुक्रवार को शीर्ष अदालत ने बिल 21 की वैधता की पुष्टि की, लेकिन यह भी कहा कि यह कानून क्यूबेक के चुने हुए अधिकारियों को धार्मिक कारणों से फेस कवरिंग पहनने से रोककर लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन करता है। अदालत ने कहा कि उसके पास यह तय करने का अधिकार है कि कोई कानून चार्टर ऑफ राइट एंड फ्रीडम के हिसाब से सही है या नहीं, भले ही नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज लागू हो, लेकिन वह इस मामले में ऐसा नहीं करेगी।
सात जजों की बेंच के बहुमत ने पाया कि क्यूबेक का कानून काफी हद तक सही है, हालांकि कुछ जजों ने फैसले के कुछ हिस्सों पर असहमति जताई। जस्टिस एंड्रोमाचे कराकात्सानिस, मिशेल ओबोनसाविन और निकोलस कासिरर ने लिखा कि नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज का इस्तेमाल ऐसे कानूनों को मंजूरी देने के लिए नहीं किया जा सकता, जो कनाडा के एक आजाद और लोकतांत्रिक देश के तौर पर बुनियादी चरित्र से मेल नहीं खाते। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि यह कानून धर्म की आजादी, बोलने की आजादी और बराबरी के अधिकार की चार्टर की गारंटी का उल्लंघन करता है। क्यूबेक सरकार ने इस कानून के पक्ष में तर्क दिया है कि यह प्रांत के सेक्युलरिज्म या लेसिटे को उसकी पहचान के मुख्य हिस्से के तौर पर बनाए रखने के लिए जरूरी है। एक्सपर्ट का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का असर क्यूबेक ही नहीं, कनाडा के बड़े हिस्से में हो सकता है।
