रायबरेली में ठंड की शुरुआत के साथ ही धुंध का असर दिखने लगा है। पिछले आठ दिनों से सुबह और रात के समय छाई धुंध के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाली रोडवेज बसों के चालकों को कम दृश्यता के कारण अधिक सतर्कता बरतनी पड़ रही है। इसी को देखते हुए परिवहन निगम ने एक नई पहल की है।
परिवहन निगम अब रोडवेज बसों में फॉग लाइट की जगह ऑल वेदर बल्ब लगाएगा। निगम की ओर से संचालित सभी बसों में इन बल्बों को लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे कोहरे और बारिश के दौरान सड़क पर बेहतर दृश्यता मिलने की उम्मीद है और सड़क पर रोशनी समान रूप से बनी रहेगी।
सर्दियों में रात के समय घना कोहरा होने पर दृश्यता कई बार बेहद कम हो जाती है, जिससे सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। ऐसी स्थिति में चालकों को बस की गति कम करके बेहद सावधानी से वाहन चलाना पड़ता है। पहले ऐसे समय में फॉग लाइट का सहारा लिया जाता था, लेकिन अब ऑल वेदर बल्ब से इस समस्या को कम करने की तैयारी की जा रही है।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन के अनुसार, जिले में निगम की 94 और 70 अनुबंधित बसों का संचालन किया जा रहा है। इन सभी बसों में ऑल वेदर बल्ब लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सर्दियों में कोहरे के कारण होने वाली परेशानियों को देखते हुए यह व्यवस्था की जा रही है।
