अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर गए लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक चर्चा के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था, रोजगार और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को 'आर्थिक आपदा' करार दिया और इसके लिए बेरोजगारी, शिक्षा प्रणाली की समस्याओं और कमजोर पड़ते विनिर्माण क्षेत्र को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि देश का आर्थिक मॉडल लगभग एक दशक पहले ही नतीजे देना बंद कर चुका था। उन्होंने मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि छोटे और मध्यम व्यवसाय तथा कृषि की रीढ़ टूट चुकी है, जबकि केवल कुछ बड़े कारोबारी समूह ही आगे बढ़ रहे हैं।

चर्चा के दौरान राहुल गांधी से पूछा गया था कि क्या नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत में लोकतंत्र और विविधता को कम करके आंका गया है। जवाब में उन्होंने कहा कि भारत, अमेरिका, ब्राजील और फ्रांस जैसे कई देशों में ऐसे ही रुझान देखने को मिल रहे हैं, जो वैश्विक आर्थिक ढांचे में हो रहे बदलावों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि भारत, अमेरिका और फ्रांस जैसे देश अपने श्रमिकों को पर्याप्त रोजगार देने में संघर्ष कर रहे हैं, जबकि चीन को अपने मैन्युफेक्चरिंग क्षेत्र के कारण इस मामले में दिक्कत नहीं आ रही है।

राहुल गांधी के इन बयानों पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पलटवार करते हुए कहा कि यह आपदा असल में राहुल गांधी के अपने दिमाग में है और कांग्रेस नेता, उनका परिवार और उनकी पार्टी खुद आगे बढ़ने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड बैंक और आईएमएफ जैसी वैश्विक वित्तीय संस्थाएं भी स्वीकार करती हैं कि वैश्विक अस्थिरता के बावजूद भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है और देश 7.1 प्रतिशत की दर से विकास कर रहा है।

बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ दुनिया के नेता और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां भारत को ग्लोबल ग्रोथ इंजन मानती हैं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस नेता देश को एक अलग नजरिए से देखते हैं।