रामगढ़ में किसानों को फसल बीमा योजना के प्रति जागरूक करने के लिए बुधवार को टाउन हॉल परिसर से उपायुक्त ऋतुराज ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने की अपील की।

उपायुक्त ने बताया कि योजना के तहत रबी फसल का बीमा कराने के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है, जो 31 दिसंबर तक जारी रहेगा। किसान मात्र एक रुपये की टोकन राशि जमा कर गेहूं, चना, सरसों एवं आलू जैसी फसलों का बीमा करा सकते हैं। पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों के माध्यम से भी किसानों को योजना की जानकारी देकर बीमा कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बीमा के लिए किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, मोबाइल नंबर, भूमि संबंधी दस्तावेज (गैर ऋणी किसानों के लिए), बटाईदार या किराएदार किसानों के लिए आवश्यक घोषणा पत्र (यदि लागू हो) एवं फसल बुवाई का विवरण उपलब्ध कराना होगा। किसान संबंधित बैंक शाखा (ऋणी या केसीसी किसान), पैक्स, कामन सर्विस सेंटर (प्रज्ञा केंद्र) अथवा अधिकृत बीमा कंपनी के प्रतिनिधि से संपर्क कर अपना बीमा करा सकते हैं।

उपायुक्त ने बताया कि फसल क्षति होने की स्थिति में बीमित किसानों को 72 घंटे के अंदर अपनी शिकायत दर्ज करानी आवश्यक है। इसके लिए किसान टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल करने के साथ-साथ क्रॉप इंश्योरेंस ऐप, कृषि रक्षक पोर्टल, बैंक, पैक्स, कृषि विभाग अथवा बीमा कंपनी के माध्यम से भी क्लेम दर्ज करा सकते हैं।