रांची की पॉक्सो विशेष अदालत ने जन्म से नेत्रहीन बेटी के यौन शोषण और जबरन गर्भपात कराने के मामले में शुक्रवार को पिता और मां को दोषी करार दिया है। अदालत ने सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 30 नवंबर की तारीख तय की है। सुनवाई के दौरान दोनों दोषियों को जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया गया।

यह मामला रांची के बरियातू थाना क्षेत्र से जुड़ा है। प्राथमिकी एक जुलाई 2025 को दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। पुलिस ने जांच पूरी कर चार्जशीट दाखिल की थी। पॉक्सो की विशेष न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने साक्ष्य और गवाहों के परीक्षण के बाद यह फैसला सुनाया।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसके पिता और भाइयों ने कई वर्षों तक उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। उसने आरोप लगाया कि इसके बाद उसकी मां ने कांके के बोड़िया स्थित चंद्रा अस्पताल में उसका गर्भपात करा दिया था। जबरन गर्भपात कराने के आरोप में मां को भी दोषी पाया गया है।

मामले में भाई नाबालिग होने के कारण उसके खिलाफ कार्यवाही चिल्ड्रेन कोर्ट में चल रही है। अदालत अब 30 नवंबर को दोनों दोषियों की सजा पर फैसला सुनाएगी।