डिजिटल बैंकिंग धोखाधड़ी और अनधिकृत लेनदेन से ग्राहकों को बचाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 'स्टॉप स्विच' और 'ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म' का प्रस्ताव जारी किया है। 'स्टॉप स्विच' को बैंक खाते का इमरजेंसी ब्रेक कहा जा सकता है। अगर ग्राहक को शक हो कि उसका खाता हैक हो गया है या वह साइबर फ्रॉड का शिकार हुआ है, तो वह इस स्विच के जरिए खाते से होने वाले सभी आउटगोइंग डेबिट पर तुरंत रोक लगा सकता है। स्विच सक्रिय होते ही खाते से कोई नया डिजिटल ट्रांजैक्शन नहीं होगा, न ही कोई नया पेमेंट मैंडेट या स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन सेट होगा और न ही किसी नए थर्ड-पार्टी ऐप पर यूपीआई रजिस्टर हो सकेगा।
ग्राहक बैंक के मोबाइल ऐप, इंटरनेट बैंकिंग के अलावा नजदीकी एटीएम, बैंक शाखा या कस्टमर केयर पर कॉल करके भी इसे चालू या बंद कर सकेंगे। आरबीआई के प्रस्ताव के मुताबिक, स्टॉप स्विच बंद करने के नियम सख्त होंगे। बंद कराते वक्त बैंक कई स्तरों पर ग्राहक का वेरिफिकेशन करेगा और अनुरोध के बाद एक तय कूलिंग पीरियड तक इंतजार करना होगा, यानी इसे तुरंत बंद करना संभव नहीं होगा।
'ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म' के तहत ग्राहक अपनी मर्जी से परिवार के किसी सदस्य या 18 साल से अधिक उम्र के किसी भरोसेमंद व्यक्ति को ट्रस्टेड पर्सन बना सकेगा और रकम की सीमा तय कर सकेगा। तय सीमा से ज्यादा रकम आरटीजीएस या एनईएफटी के जरिए ट्रांसफर होने पर बैंक पहले ट्रस्टेड पर्सन को अलर्ट भेजेगा और 1 घंटे के भीतर उनकी मंजूरी मिलने पर ही पैसा ट्रांसफर होगा। यह फीचर डिजिटल बैंकिंग की कम समझ रखने वाले परिवार के सदस्यों और बुजुर्गों के लिए उपयोगी बताया जा रहा है।
