ऋषिकेश में सोने के भाव कम होने के बाद सर्राफा प्रतिष्ठानों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है और कारोबार में रौनक लौट आई है। मंगलवार को शहर के सर्राफा प्रतिष्ठानों में सोने का भाव 1 लाख 18 हजार 600 रुपये रहा। सर्राफा व्यापारियों के अनुसार पिछले कुछ महीनों में सोने का भाव 1 लाख 50 हजार रुपये से ऊपर चला गया था, जिससे लोग आभूषण खरीदने से बच रहे थे। शादी-विवाह जैसे जरूरी मौकों पर भी मध्यम वर्गीय परिवार बजट संभालने के लिए 18 और 20 कैरेट के आभूषण बनवाने को मजबूर हो रहे थे। ऊंचे भाव के कारण ग्राहकों की संख्या में भी कमी देखी जा रही थी।

व्यापारियों ने बताया कि अब भाव अचानक गिरने से लोग खरीदारी में देरी नहीं करना चाह रहे हैं। सर्राफा व्यापारी हितेंद्र पंवार के अनुसार लोग आभूषणों की एडवांस बुकिंग करना फायदेमंद मान रहे हैं। ग्राहक बुकिंग की 60 से 70 प्रतिशत राशि पहले ही जमा करा रहे हैं और बाकी रकम मासिक किश्तों में चुकाने का विकल्प अपना रहे हैं। लोगों को आशंका है कि आगे सोने के भाव फिर बढ़ सकते हैं, इसलिए वे सस्ते दाम पर सोना खरीदने में देरी नहीं करना चाहते।

व्यापारियों का कहना है कि भाव गिरने से सर्राफा कारोबार में रौनक लौटने लगी है और बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है।