शामली के बनत स्थित जैन कॉलेज ऑफ एजुकेशन में 2 दिसंबर को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में देश और प्रदेश की 15 से अधिक कंपनियां एक हजार से अधिक रिक्त पदों के साथ प्रतिभाग करेंगी। जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा ने बताया कि इसमें आठवीं पास से लेकर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, डिप्लोमा, बीबीए, बीसीए और बीटेक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

मेले में विपणन, वाहन उद्योग, विनिर्माण, सेवा क्षेत्र और सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रतिभाग करने वाली कंपनियों में टाटा मोटर्स, सुबरोज, भारतीय जीवन बीमा निगम, स्टार मैनपावर, पुखराज हेल्थकेयर, युवा शक्ति फाउंडेशन, एकेएस जाब, कैरियर व्हील्स और निकिता पेपर सहित 15 से अधिक कंपनियां शामिल हैं। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक आयोजित होगा।

जिला सेवा योजन अधिकारी डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, आधार कार्ड, फोटो और शैक्षिक योग्यता के प्रमाणपत्र लेकर पहुंचना होगा। मेले में प्रतिभाग पूरी तरह निश्शुल्क रहेगा।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि किसी भी कंपनी की ओर से नौकरी के नाम पर पैसे मांगे जाने पर भुगतान न करें। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 155330 पर संपर्क किया जा सकता है।