केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को डिलिमिटेशन बिल को मंजूरी दे दी है। मोदी सरकार इसे संसद में पेश करने जा रही है और सरकार को भरोसा है कि बिल सदन से पारित हो जाएगा। इस बीच एनसीपी-एसपी और डीएमके के बिल को समर्थन देने की अटकलें हैं। अगर शरद पवार की पार्टी बिल का समर्थन करती है, तो इसे इंडिया अलायंस के लिए बड़ा झटका माना जाएगा।

सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि शरद पवार ने कांग्रेस लीडरशिप को फोन करके बताया कि एनसीपी-एसपी को एकजुट रखने के लिए बिल को समर्थन देना जरूरी हो गया है। एनसीपी-एसपी अभी तक विपक्षी गठबंधन इंडिया अलायंस का हिस्सा है। पिछले अप्रैल में जब यह बिल संसद से पारित नहीं हो सका था, तब एनसीपी-एसपी विपक्ष के साथ थी। हालांकि, कुछ समय से शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने रुख में बदलाव के संकेत दिए थे। सुप्रिया सुले का कहना है कि बिल पेश होने पर मसौदा पढ़ने के बाद ही समर्थन पर फैसला होगा।

पार्टी नेता जितेंद्र आह्वाड ने शरद पवार से अस्पताल में मुलाकात के बाद कहा था कि उनकी पार्टी बिल को समर्थन देने जा रही है, लेकिन इसके तुरंत बाद सुप्रिया सुले ने सफाई दी कि मसौदा पढ़ने के बाद ही फैसला होगा। इधर, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद टीवीके और कांग्रेस के सरकार बनाने से डीएमके नाराज हो गई है। डीएमके ने इंडिया अलायंस से दूरी बना ली है और सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि स्टालिन की पार्टी बिल को समर्थन दे सकती है। डीएमके की मांग हर राज्य में 50 फीसदी सीटें बढ़ाने की है, जिसे मोदी सरकार ने मान लिया है। केंद्रीय कैबिनेट की शुक्रवार की बैठक में बिल को मंजूरी दे दी गई है, जिसमें संशोधन करके लिखित में कहा गया है कि हर राज्य में 50 फीसदी सीटों में इजाफा होगा।