बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर नए संकेत सामने आ रहे हैं। पश्चिम बंगाल से भाजपा विधायक स्वपन मजूमदार ने कहा है कि शेख हसीना पेत्रापोल बॉर्डर के जरिए बांग्लादेश में दाखिल हो सकती हैं। पेत्रापोल उत्तर 24 परगना का इलाका है, जिसके दूसरी तरफ बांग्लादेश का बेनापोल है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर उनके समर्थकों ने तैयारी शुरू कर दी है। आवामी लीग पेत्रापोल के अलावा कई अन्य एंट्री प्लाइंट्स का भी जायजा ले रही है। हालांकि, अभी तक यह सामने नहीं आया है कि वह किस तारीख को बांग्लादेश जाएंगी। शेख हसीना ने दिसंबर में वापस स्वदेश लौटने का ऐलान किया था।

शुभेंदु अधिकारी सरकार में मंत्री अशोक कीर्तानिया ने भी शेख हसीना का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि आवामी लीग नेता ने बांग्लादेश की जनता का काफी हद तक बचाव किया है और अब वहां लोगों को उनकी जरूरत है। उन्होंने बांग्लादेश में अलोकतांत्रिक तरीके से शेख हसीना की सरकार को हटाए जाने का विरोध भी किया और आवामी लीग के समर्थकों व नेताओं से अपील की कि जिस दिन शेख हसीना बांग्लादेश लौटें, उस दिन वे भी वहां पहुंचें।

बता दें कि शेख हसीना दो साल से अधिक समय से भारत में निर्वासित जीवन व्यतीत कर रही हैं। इस दौरान वह लगातार बांग्लादेश लौटने की बात करती रही हैं। इस पर तारिक रहमान सरकार ने साफ कहा था कि अगर हसीना बांग्लादेश लौटती हैं, तो उनके खिलाफ चल रहे मामलों को तेजी से पूरा किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी। शेख हसीना के खिलाफ नरसंहार के मामले भी चल रहे हैं।