बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने देश लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख चुनी है। दो साल से अधिक समय से भारत में रह रहीं हसीना ने वापसी के लिए बांग्लादेश के विजय दिवस का दिन चुना है। उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने मंगलवार को बताया कि हसीना ने दिल्ली से ढाका तक की यात्रा के लिए बांग्लादेश की सरकारी विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस का विमान उपलब्ध कराने की मांग की है।

हालांकि, हसीना की वापसी आसान नहीं दिख रही है। बांग्लादेश सरकार कह चुकी है कि उन्हें लौटने पर गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। हसीना ने पहले कहा था कि वह अपने देशवासियों के बीच लौटना चाहती हैं और उन्हें पता है कि बांग्लादेश पहुंचने पर उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है या जेल भेजा जा सकता है, लेकिन इससे उनका फैसला नहीं बदलेगा। उनके प्रवक्ता का तर्क है कि जब उन्हें 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था, तो अब उनकी वापसी की व्यवस्था करना भी सरकार की जिम्मेदारी है।

बांग्लादेश में हसीना की सत्ता का अंत 5 अगस्त 2024 को हुआ था, जब सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ शुरू हुआ छात्र आंदोलन सरकार विरोधी आंदोलन में बदल गया। प्रदर्शनकारियों की भीड़ उनके सरकारी आवास गोनो भवन तक पहुंच गई थी और उन्हें अपनी बहन शेख रेहाना के साथ सैन्य विमान से देश छोड़ना पड़ा था। बाद में हसीना ने दावा किया था कि वह और उनकी बहन महज 20-25 मिनट के अंतर से मौत के मुंह से बच निकली थीं।

सितंबर 2024 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हसीना को लेकर जा रहे लॉकहीड सी-130 हरक्यूलिस सैन्य विमान ने 5 अगस्त को दोपहर 3 बजकर 9 मिनट पर ढाका के बंगबंधु एयरबेस से उड़ान भरी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि विमान को शुरुआत में प्रशिक्षण उड़ान के तौर पर दर्ज किया गया था और उसका ट्रांसपोंडर बंद रखा गया था, जिसे भारतीय हवाई क्षेत्र के करीब पहुंचने पर दोबारा चालू किया गया। जनवरी 2025 में अवामी लीग के फेसबुक पेज पर साझा एक ऑडियो में हसीना ने 5 अगस्त की घटना का जिक्र करते हुए कहा था कि वह और रेहाना मौत से महज 20 या 25 मिनट के अंतर से बच निकली थीं।