श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के तीन ओवरग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार कर एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। पुलिस को अपने तंत्र से जानकारी मिली थी कि लश्कर स्थानीय लड़कों की भर्ती की योजना बना रहा है और इसके लिए अपने स्थानीय ओवरग्राउंड वर्कर नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सेना की 34 आरआर के साथ मिलकर शोपियां के कुछ चिह्नित इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के तहत नरवा-रावलपोरा में सुरक्षाबलों ने तीन ओजीडब्ल्यू को पकड़ा। इनकी पहचान अबरार अहमद मीर निवासी अवेंद शोपियां, रासिक अहमद बट पुत्र अब्दुल रशीद बट और सुहैल अहमद लोन पुत्र गुलजार अहमद लोन के रूप में हुई है। बट और लोन दोनों डचीपोरा शोपियां के निवासी बताए गए हैं। उनके पास से दो हथगोले, लश्कर-ए-तैयबा के पांच पोस्टर, एके-47 राइफल के 20 कारतूस, तीन मोबाइल फोन और तीन आधार कार्ड बरामद किए गए।
सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में संबंधित पुलिस थाने में एफआईआर संख्या 250/2026 दर्ज की गई है। मामला भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 7 और 25 तथा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 13, 18, 23 और 39 के तहत दर्ज किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, कश्मीर में किसी भी स्थानीय सूचीबद्ध आतंकी के न होने से हताश लश्कर-ए-तैयबा इन तीनों ओजीडब्ल्यू को सक्रिय करने की योजना बना रहा था, जिसे विफल कर दिया गया है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। उल्लेखनीय है कि घाटी में सक्रिय स्थानीय सूचीबद्ध आतंकी लतीफ अहमद बट को सुरक्षाबलों ने पिछले सप्ताह मार गिराया था। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के नेटवर्क, उनके सहयोगियों और हथियार एवं गोला-बारूद रखने के मकसद का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
