सिरोही जिले की पंचायत समितियों में प्रधान चुनाव के नतीजे आ गए हैं। कांग्रेस ने 8 में से 7 पंचायत समितियों में अपना बोर्ड बनाया है, जबकि भाजपा को केवल रेवदर पंचायत समिति में सफलता मिली है। सबसे ज्यादा चर्चा सिरोही पंचायत समिति के नतीजे की हो रही है, जहां कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत के साथ बोर्ड बनाकर नेहा पुनीत अग्रवाल को प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपी है।
नेहा अग्रवाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रकाश अग्रवाल की पुत्रवधू और जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव पुनीत अग्रवाल की पत्नी हैं। जावाल निवासी नेहा ने फाइनेंस में एमबीए किया है और विवाह से पहले एक निजी बैंक में कार्यरत थीं। बताया जाता है कि उनके ससुर प्रकाश अग्रवाल ने 1988 और 2010 में प्रधान पद का चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस बार नेहा ने पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीतकर राजनीतिक सफर शुरू किया और कांग्रेस ने उन्हें प्रधान पद की कमान सौंप दी। भाजपा का मजबूत गढ़ माने जाने वाले जावाल क्षेत्र से उन्होंने भारी मतों से जीत दर्ज की। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा के नेतृत्व में कांग्रेस की जीत के बाद नेहा का प्रधान निर्वाचित होना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
अन्य पंचायत समितियों की बात करें तो शिवगंज में कांग्रेस की दीवान कंवर दहिया निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुईं। भावरी में कांग्रेस के शांतिलाल गमेती ने 13 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि बीएपी प्रत्याशी को 6 मत मिले। मंडार में कांग्रेस की शिल्पा कुमारी कोली को 10 मत मिले और भाजपा प्रत्याशी अमृतलाल को 5 मत। शिल्पा मंडार की पहली प्रधान बनीं। पिंडवाड़ा में चित्रा शेखावत और कालंद्री में अमिया देवासी प्रधान निर्वाचित हुईं। कालंद्री में पहली बार ओबीसी वर्ग की अमिया देवासी को प्रधान बनने का अवसर मिला।
भाजपा को जिले में एकमात्र सफलता रेवदर पंचायत समिति में मिली, जहां गणपत सिंह निम्बोड़ा प्रधान निर्वाचित हुए। उन्हें 14 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी जितेंद्र चौधरी को 7 मत प्राप्त हुए। इन नतीजों को ग्रामीण राजनीति में कांग्रेस की मजबूत स्थिति का संकेत माना जा रहा है।
