इटली में सोनिया गांधी के पुश्तैनी घर को म्यूजियम के रूप में संरक्षित किया गया है। यह जानकारी घर के मालिक सुखदेव सिंह कांग ने अमृतसर में दी। उन्होंने गांधी परिवार को इस घर को देखने के लिए आने का न्योता दिया है। कांग के मुताबिक, यह जगह केरलम से आने वाले भारतीय पर्यटकों को आकर्षित करती है। पहले यहां ताला लगा रहता था, लेकिन अब एक केयरटेकर नियुक्त की गई है, जिससे पर्यटकों को घर में प्रवेश मिल सके। घर में सोनिया के बचपन से लेकर भारत में उनके राजनीतिक करियर तक की झलक देखने को मिलेगी। सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इसी गांव में हुआ था। सुखदेव सिंह कांग ने यह घर 2020 में खरीदा था।
कांग ने बताया कि इस संपत्ति को सोनिया गांधी की यात्रा को दिखाने वाले म्यूजियम के रूप में विकसित किया गया है। इसमें इटली में उनके शुरुआती दौर से लेकर भारत में उनके प्रमुख राजनीतिक जीवन तक की कहानी दर्ज की जाएगी। कांग ने कहा कि गांधी परिवार जो भी चीजें देना चाहेगा, उन्हें घर के अंदर रखा जाएगा। यह म्यूजियम केवल सोनिया गांधी को समर्पित है और उनकी यादों को सहेजता है। उन्होंने बताया कि घर की ऐतिहासिक पहचान नहीं बदली गई है और इसे उसी हालत में रखा गया है, सिर्फ जरूरी मरम्मत कराई गई है। अंदर अभी भी माइनो परिवार का पुराना फर्नीचर और कुछ पुरानी ब्लैक-व्हाइट तस्वीरें मौजूद हैं। कांग का दावा है कि म्यूजियम बनाने के लिए जरूरी अनुमतियां मिल गई हैं। वे गांधी परिवार से तस्वीरें, दस्तावेज और निजी सामान मांग रहे हैं, ताकि उन्हें म्यूजियम में रखा जा सके।
कांग खुद ब्रेशिया में रहते हैं, जो लुसियाना से करीब एक घंटे की दूरी पर है। वे मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर जिले के एक गांव के रहने वाले हैं और 1992 में इटली गए थे। शुरुआत में उन्होंने डेयरी फार्म, खेती और फैक्ट्री में काम किया, बाद में कारोबारी बने।
उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी ने फरवरी 2024 में राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए दाखिल हलफनामे में कुल ₹12.53 करोड़ की संपत्ति घोषित की थी। इसमें दिल्ली के डेरा मंडी गांव में 3 बीघा कृषि भूमि की कीमत ₹5.88 करोड़ और इटली में पिता की विरासत में मिली आवासीय संपत्ति में उनके हिस्से की कीमत ₹26.83 लाख बताई गई थी। हलफनामे के मुताबिक, उनके पास ₹1.07 करोड़ के गहने, ₹90 हजार नकद और बैंक में करीब ₹5.30 लाख जमा थे। हलफनामे में भारत में कोई आवासीय संपत्ति या गाड़ी घोषित नहीं की गई थी और उन्होंने कोई देनदारी भी नहीं बताई थी।
