भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे राजस्थान के श्रीगंगानगर में बढ़ते प्रदूषण को लेकर लोगों में चिंता है। दिवाली के बाद कई मौकों पर एयर क्वालिटी ट्रैकिंग वेबसाइटों के आंकड़ों में शहर दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल रहा है। एक्यूआई डॉट इन के मुताबिक 10 नवंबर को शहर का एक्यूआई 821 दर्ज किया गया था, जबकि 21 नवंबर को यह 506 था। मीडिया रिपोर्टों और इस वेबसाइट के अनुसार यहां का एक्यूआई 800 से अधिक दर्ज किया गया था।
शहर से लेकर सीमा पर बीएसएफ की क्यू हेड पोस्ट और पंजाब के फाजिल्का जिले तक धुएं की परत देखी गई। लोग आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में परेशानी की शिकायत कर रहे हैं। जिला अस्पताल में बच्चों के डॉक्टर सुरेंद्र के मुताबिक बीते कुछ दिनों में जुकाम, खांसी और रेस्पिरेटरी इलनेस के मामलों में दस से बारह प्रतिशत की वृद्धि हुई है। फिजिशियन डॉ. अंकित लढ्ढा के अनुसार सांस लेने में तकलीफ वाले मरीजों की संख्या करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ी है।
राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इन आंकड़ों को वास्तविक स्थिति से कम मानता है। बोर्ड के सदस्य सचिव कपिल चन्द्रवाल के मुताबिक बोर्ड के मॉनिटरिंग स्टेशन के आंकड़ों में दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर कम हुआ है। उन्होंने बताया कि दिवाली से पहले एक्यूआई 189, छह नवंबर को 213, दिवाली के दिन 236 और अगले दिन 350 दर्ज किया गया, जबकि 12 नवंबर को यह 198 रहा। वह यह भी मानते हैं कि श्रीगंगानगर में प्रदूषण मापने के लिए सिर्फ एक ही मॉनिटरिंग सिस्टम लगा है।
स्थानीय लोगों और प्रशासन का मानना है कि पंजाब में खेतों में जलाई जा रही पराली का धुआं हवा के साथ इस इलाके में पहुंचता है। सीमा से सटे होने के कारण सीमापार खेतों में जलने वाली पराली के धुएं की आशंका भी जताई जाती है। स्थानीय निवासी पप्पू राम के मुताबिक प्रदूषण के लिए पटाखों और पंजाब में जलाई जा रही पराली दोनों की भूमिका है।
