सुल्तानपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में रैगिंग से परेशान होकर एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र शुभम वर्मा ने अपनी पढ़ाई छोड़ दी है। छात्र का आरोप है कि वरिष्ठ छात्रों ने उन्हें पांचवीं मंजिल से नीचे फेंकने का प्रयास किया और कॉलेज प्रशासन की कार्रवाई प्रभावी नहीं रही। अयोध्या निवासी शुभम ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की राष्ट्रीय एंटी रैगिंग निगरानी एजेंसी से कार्रवाई की मांग की है।
शुभम के अनुसार, उन्होंने 12 सितंबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज, दूबेपुर में प्रवेश लिया और 27 सितंबर से छात्रावास में रहने लगे। उनका आरोप है कि चार और पांच अक्टूबर को वरिष्ठ छात्रों ने उन्हें पांचवीं मंजिल से नीचे फेंकने का प्रयास किया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य वार्डन और एंबुलेंस सेवा ने फोन नहीं उठाया। बाद में मुख्य वार्डन ने उनके पिता पर बेटे की मानसिक स्थिति ठीक न होने का दबाव बनाते हुए शपथपत्र मांगा। प्राचार्य के आश्वासन के बाद शुभम फिर छात्रावास में रहने लगे।
छात्र का आरोप है कि एक नवंबर को वर्ष 2025 बैच के दो वरिष्ठ छात्रों ने उनसे गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया। शिकायत पर कॉलेज प्रशासन ने दोनों छात्रों को 15 दिनों के लिए निलंबित किया, लेकिन छात्र के अनुसार यह कार्रवाई प्रभावी नहीं थी। सुरक्षा कारणों से उन्हें सीट छोड़नी पड़ी और आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन ने शपथपत्र में स्वेच्छा से सीट छोड़ने का दबाव बनाया।
देहात कोतवाल धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। प्राचार्य डॉ. हरेंद्र कुमार ने कहा कि 23 नवंबर को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक होगी, जिसमें विचार-विमर्श के बाद कार्रवाई की जाएगी।
