दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में जेल में बंद शरजील इमाम और उमर खालिद की जमानत याचिकाओं पर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। दोनों ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें यूएपीए के तहत जमानत देने से इनकार किया गया था। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ इस मामले पर सुनवाई कर सकती है।

अपनी याचिकाओं में दोनों ने कहा है कि अभियोजन पक्ष अब तक संरक्षित गवाहों से पूछताछ नहीं कर पाया है। उनका तर्क है कि सुप्रीम कोर्ट ने जमानत के लिए जो एक साल की समय-सीमा तय की थी, वह पूरी होने वाली है, ऐसे में उन्हें लगातार जेल में रखना ठीक नहीं है। शरजील इमाम ने याचिका में बताया कि 25 सितंबर 2020 को आरोपपत्र दाखिल हुआ था और मामले में 18 लोगों पर मुकदमा चल रहा है। अभियोजन पक्ष ने 900 से ज्यादा गवाहों की सूची दी है, जिनमें 47 संरक्षित गवाह हैं। इमाम का कहना है कि करीब छह साल नौ महीने से विचाराधीन कैदी के तौर पर जेल में रहने के बावजूद एक भी गवाह से पूछताछ नहीं हो पाई। उमर खालिद ने मुकदमे में हो रही देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा है कि उन्हें जेल में रखना अनुच्छेद 21 के तहत मिले जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन होगा।

दिल्ली हाईकोर्ट ने 30 सितंबर को दोनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। अदालत ने कहा था कि वह सुप्रीम कोर्ट के 5 जनवरी के आदेश से बंधी हुई है। उस आदेश में कहा गया था कि दोनों आरोपी संरक्षित गवाहों से पूछताछ पूरी होने या एक साल की अवधि समाप्त होने पर, जो भी पहले हो, नई जमानत याचिका दाखिल कर सकते हैं। इससे पहले 4 जुलाई को ट्रायल कोर्ट ने भी दोनों की जमानत याचिकाएं खारिज की थीं। गिरफ्तारी के बाद यह तीसरी बार था, जब दोनों को जमानत देने से इनकार किया गया।

इस साल 5 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए दोनों को जमानत देने से इनकार किया था, हालांकि इसी मामले में आरोपी गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद को राहत दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि शरजील इमाम और उमर खालिद की भूमिका दूसरे आरोपियों से अलग दिखाई देती है और उन्हें कथित साजिश का वैचारिक आधार तैयार करने वाला भी बताया था। फरवरी 2020 में सीएए और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हिंसा भड़की थी, जिसमें 53 लोगों की मौत हुई थी और 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इस मामले में कथित बड़ी साजिश की जांच कर रही है। शरजील इमाम को 25 अगस्त 2020 और उमर खालिद को 13 सितंबर 2020 को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने दोनों पर दंगों की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 22 मई को सह-आरोपी अब्दुल खालिद सैफी और तस्लीम अहमद को छह महीने की अंतरिम जमानत दी थी और यूएपीए के सख्त जमानत प्रावधानों के बीच विचाराधीन कैदियों को लंबे समय तक जेल में रखने के मुद्दे को बड़ी पीठ के पास भेज दिया था।