सुप्रीम कोर्ट ने रामलीला मैदान में विरोध प्रदर्शन की अनुमति को चुनौती देने वाली याचिका पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी), कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य संगठनों को नोटिस जारी किया है। यह याचिका मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन की ओर से दायर की गई है, जिसमें कहा गया है कि मैदान पर प्रदर्शन से कारोबार बाधित होता है और लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ता है।

याचिका सीजेपी द्वारा 16 अक्टूबर को आयोजित "लहरा दो तिरंगा मार्च" से पहले दायर की गई थी, जिसमें लोगों से दिल्ली के सीपी में तिरंगा लहराने की बात कही गई थी। पुलिस ने अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया था। इसी दौरान ट्रेडर्स ने यह याचिका दायर की। याचिका दिल्ली की किराना कमेटी और चावड़ी बाजार की दिल्ली आयरन एंड हार्डवेयर मर्चेंट्स एसोसिएशन की ओर से दायर की गई है।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच ने याचिका पर नोटिस जारी किया। बेंच में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और वी मोहन्ना भी शामिल थे। कोर्ट ने केंद्र, दिल्ली सरकार, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, आईसा और सीजेपी से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई दो हफ्ते बाद होगी।

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने याचिकार्ताओं की ओर से तर्क रखते हुए कहा कि रामलीला मैदान कनॉट प्लेस, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार और सदर बाजार जैसी कई बड़ी मंडियों के पास है। केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि इस याचिका को सीजेपी प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी याचिकाओं के साथ ही सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट विरोध के अधिकार की मांग करने वाली दूसरी याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है, जबकि यह मामला मजदूरों और निवासियों के बुनियादी अधिकारों का हवाला देते हुए उस अधिकार का विरोध कर रहा है।

याचिका में ट्रेडर्स ने बताया है कि रामलीला मैदान रिहायशी इलाकों और पुरानी दिल्ली के बाजारों से घिरा हुआ है, जहां हजारों मजदूर, व्यापारी और वेंडर काम करते हैं। इससे पहले तीन नवंबर को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पूछा था कि जिन लोगों ने प्रदर्शन का आह्वान किया था, क्या उन्हें इस मामले में पार्टी बनाया गया है। इसके बाद याचिकार्ताओं ने कांग्रेस को भी याचिका में शामिल किया। कांग्रेस ने एक नवंबर को रामलीला मैदान में एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ एक बड़ी रैली का आयोजन किया था। कांग्रेस, सीजेपी समेत विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा है और उनके इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है।