राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर कहा है कि पहले इसे संसद में पेश होने दिया जाए और इसकी पूरी प्रति सांसदों को मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विधेयक के प्रावधान सामने आने के बाद ही उस पर चर्चा की जा सकती है। सुले ने उम्मीद जताई कि यह विधेयक अच्छा साबित हो सकता है।

पत्रकारों से बातचीत में सुले ने कहा कि देश में ऐसे कई उदाहरण हैं जब राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए सत्तापक्ष और विपक्ष ने मिलकर कानून पारित किए हैं। इसलिए किसी भी विधेयक पर चर्चा से पहले उसके प्रावधानों को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पहले विधेयक पेश होने दीजिए और पूरी प्रति मिलने दीजिए, उसके बाद चर्चा हो सकती है।

गौरतलब है कि परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर संसद में राजनीतिक मतभेद बने हुए हैं। प्रस्तावित परिसीमन व्यवस्था के तहत लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने की योजना है। केंद्र सरकार का कहना है कि नई जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन जरूरी है और इससे लोकसभा में महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार हो सकता है। वहीं, विपक्षी INDIA गठबंधन मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा में ही महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की मांग कर रहा है और महिला आरक्षण को परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ने का विरोध करता रहा है।

बता दें कि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 को 16 अप्रैल को लोकसभा में पेश किया गया था। इसका उद्देश्य लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करना और महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को तेज करना था। हालांकि, विधेयक को संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका और यह पारित नहीं हुआ। इसके बाद परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक से जुड़ी आगे की कार्यवाही भी नहीं हो सकी।

इससे पहले भी सुप्रिया सुले ने परिसीमन विधेयक को लेकर चल रही राजनीतिक अटकलों और अपने केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की अफवाहों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि परिसीमन विधेयक पर उनकी पार्टी तब तक कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं देगी, जब तक कि यह विधेयक आधिकारिक तौर पर पेश नहीं कर दिया जाता। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी के सांसद परिसीमन विधेयक को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जाल में फंस रहे हैं और खुद सुले के मंत्री बनने की चर्चा है। इस पर शरद पवार की बेटी ने कड़ा जवाब देते हुए कहा था कि सबसे पहली बात वे कोई 'गुट' नहीं बल्कि एक पूर्ण राजनीतिक दल हैं। उन्होंने कहा था कि यह विधेयक अभी तक उनके सामने पेश नहीं किया गया है और इसके प्रावधानों को देखने के बाद ही पार्टी अपना कोई ठोस रुख तय करेगी।