22 नवंबर की रात यूक्रेन के समुद्री ड्रोन ने लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह में खड़े रूसी कॉर्वेट मर्करी को डुबो दिया। यह हमला यूक्रेन से 1800 किलोमीटर से ज्यादा दूर से हुआ। जहाज बंदरगाह के अंदर सुरक्षित खड़ा था, फिर भी सात बिना चालक वाले ड्रोन अंदर घुसकर उसे डुबो गए। इसी वजह से इस घटना को नौसैनिक युद्ध का 'पर्ल हार्बर मोमेंट' कहा जा रहा है। 1941 में जापान ने पर्ल हार्बर में अमेरिकी जहाजों को आराम करते हुए नष्ट कर दिया था। ठीक उसी तरह आज सस्ते ड्रोन बड़ी नौसेनाओं के जहाजों को बंदरगाह के अंदर भी असुरक्षित बना रहे हैं। यह घटना भारतीय नौसेना के लिए सीधी चेतावनी है।
दरअसल, यूक्रेन के बिना चालक वाले समुद्री ड्रोन (USV) ने लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह में खड़े रूसी कॉर्वेट मर्करी पर हमला किया और उसे डुबो दिया। यह हमला यूक्रेन के क्षेत्र से 1800 किलोमीटर से भी ज्यादा दूर हुआ। सात यूक्रेनी समुद्री ड्रोन एक 'मदर शिप' से छोड़े गए, जो बंदरगाह के अंदर घुसे और जहाज से टकराए। विस्फोट इतने जोरदार थे कि जहाज बंदरगाह के अंदर ही डूब गया। जहाज पर मौजूद रूसी Ka-27 हेलीकॉप्टर भी नष्ट हो गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने खुद इस हमले की पुष्टि की और इसे 'उदाहरणीय ऑपरेशन' बताया। उसी रात एक और रूसी मालवाहक जहाज MV अंगारा पर भी हमला किया गया, जिसका इस्तेमाल रूस हथियारों की ढुलाई के लिए कर रहा था। मर्करी 2023 में रूसी नौसेना में शामिल हुआ था और काला सागर बेड़े का हिस्सा था। यह जहाज पूर्वी लीबिया की सरकार के साथ समझौते के तहत ईंधन और सामान लेने बेनगाजी आया था।
मर्करी पूरी तरह बर्बाद नहीं हुआ है। उसे पानी से निकालकर दोबारा सेवा में लाया जा सकता है, लेकिन इसमें महीनों का समय और करोड़ों रुपये खर्च होंगे। रूस को अब यह तय करना होगा कि क्या इतने खर्च के लायक है। लेकिन असली नुकसान जहाज का नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा और सुरक्षा का है। एक नया जहाज, जो बंदरगाह के अंदर खड़ा था, ड्रोन से डूब गया।
हालांकि यह पहली बार नहीं है। सितंबर में यूक्रेनी समुद्री ड्रोन ने क्रेते और लीबिया के पास रूसी झंडे वाले मालवाहक जहाज लेडी मारिया को टक्कर मारी थी। पिछले पांच सालों में यूक्रेन ने रूसी नौसेना को काला सागर में काफी नुकसान पहुंचाया है। 2022 में एंटी-शिप मिसाइल से रूसी फ्लैगशिप क्रूजर मोस्कवा डूब गया। कई कॉर्वेट और सहायक जहाज ड्रोन हमलों में नष्ट हुए। जून 2026 में सेंट पीटर्सबर्ग के पास क्रोनश्टाट नौसैनिक अड्डे पर हमले में मर्करी के जैसे ही जहाज बोयकी को नष्ट कर दिया गया था।
59 साल पहले 21 अक्टूबर 1967 को भूमध्य सागर में ही एक बड़ा मोड़ आया था। मिस्र की मिसाइल बोट्स ने सोवियत बनी P-15 टर्मिट मिसाइल से इजरायली विध्वंसक एलियट को डुबो दिया था। यह नौसैनिक मिसाइलों के युग की शुरुआत थी। भारत ने दिसंबर 1971 के युद्ध में इन्हीं मिसाइलों का इस्तेमाल करके पाकिस्तानी विध्वंसक, माइनस्वीपर और मालवाहक जहाजों को डुबोया था। आज समुद्री ड्रोन उसी तरह का बदलाव ला रहे हैं। कुछ यूक्रेनी ड्रोन बोट्स में पुराने सोवियत P-15 मिसाइल का 400 किलो का विस्फोटक भरा जाता है और स्टारलिंक से नियंत्रित किया जाता है। कुछ ड्रोन हवा में छोटे ड्रोन या पानी के अंदर के वाहन (UUV) भी छोड़ सकते हैं। यानी एक ड्रोन तीन दिशाओं में काम कर सकता है।
1873 में व्हाइटहेड टॉरपीडो और 1950 के दशक में एंटी-शिप मिसाइल आने के बाद से यह सबसे बड़ा बदलाव है। टॉरपीडो और मिसाइलों ने बड़े जहाजों को कमजोर बना दिया था। तब नौसेनाओं ने टॉरपीडो नेट, टॉरपीडो बल्ज, तेज बंदूकें और एंटी-मिसाइल सिस्टम लगाए। अब ड्रोन के समय में नई सुरक्षा चाहिए। युद्धपोत बंदूक, मिसाइल और विमान से ड्रोन को मार सकते हैं, लेकिन बंदरगाह पर खड़े होने पर वे आसानी से शिकार बन जाते हैं।
ईरान होर्मुज स्ट्रेट में USV, माइन और मिसाइल का इस्तेमाल कर रहा है। ह
