अमेरिका में एंप्लॉयमेंट-बेस्ड ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे भारतीय वर्कर्स के लिए एक नया घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ लेबर (DOL) ने परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन (PERM) प्रोसेस के लिए संशोधित ड्राफ्ट फॉर्म ETA-9089 जारी किया है। यह फॉर्म DOL के नवंबर 2026 के प्रस्तावित नियम के बाद जारी हुआ है, जिसका शीर्षक 'मॉडर्नाइजिंग द लेबर मार्केट टेस्ट एंड इम्प्रूविंग प्रोटेक्शंस फॉर यू.एस. वर्कर्स इन द परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन इमिग्रेंट वीजा प्रोग्राम' (2026-23370) है। प्रस्तावित फॉर्म में सामान्य निर्देशों के साथ एपेंडिक्स A से E तक उन दस्तावेजों और शर्तों की जानकारी दी गई है, जिन्हें नियम फाइनल होने के बाद कंपनियों को पूरा करना होगा।
प्रस्ताव के मुताबिक, फॉर्म के सेक्शन I के तहत कंपनियों को साइन की हुई रिक्रूटमेंट रिपोर्ट जमा करनी होगी। कंपनी को अपने सभी जॉब विज्ञापनों की कॉपी के साथ PERM एप्लिकेशन के समय उन सभी अमेरिकी आवेदकों का रिज्यूमे भी देना होगा। फिलहाल ये दस्तावेज सिर्फ ऑडिट की जरूरत पड़ने पर ही दिखाने होते हैं। इसके अलावा, प्रश्न G.11 और G.12 में PERM एप्लिकेशन फाइल करने से पहले समान या मिलते-जुलते पदों पर हुई छंटनी की जानकारी देने की अवधि को छह महीने से बढ़ाकर दो साल करने का प्रस्ताव है। इस अवधि में छंटनी करने वाली कंपनियों को एपेंडिक्स C में प्रभावित पदों और कर्मचारियों को दी गई सूचनाओं का ब्योरा देना होगा। यह नियम कंपनियों के अपने दफ्तर और क्लाइंट-साइट, दोनों जगह हुई छंटनी पर लागू होगा।
अभी यह बदलाव सिर्फ ड्राफ्ट के चरण में है और इससे मौजूदा समय में PERM प्रोसेस में कोई बदलाव नहीं हुआ है। DOL के प्रस्ताव पर फिलहाल लोगों की राय ली जा रही है। जब तक फाइनल नियम लागू नहीं हो जाता, तब तक कंपनियों को 'फॉरेन लेबर एप्लीकेशन गेटवे' (FLAG) सिस्टम के जरिए मौजूदा फॉर्म ETA-9089 का ही इस्तेमाल करना होगा। यानी भारतीय आवेदकों को अभी पुराने फॉर्म के जरिए ही आवेदन करना है।
