उत्तराखंड में 658 किलोमीटर लंबी अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 साइकिल रेस बागेश्वर से आगे बढ़ गई है। जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने ऐतिहासिक नुमाइशखेत मैदान से साइकिलिस्टों को हरी झंडी दिखाकर अगले पड़ाव के लिए रवाना किया। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 80 साइकिलिस्ट हिस्सा ले रहे हैं और लगभग 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।
साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सह सचिव शैलेंद्र पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता की शुरुआत मुक्तेश्वर से हुई थी। निर्धारित मार्ग में पिथौरागढ़, बागेश्वर और तिलवाड़ा प्रमुख पड़ाव हैं, जबकि समापन मसूरी में होगा। पहाड़ों के दुर्गम रास्तों और तीखे चढ़ावों पर साइकिल चलाना प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता, धैर्य और साहस की परीक्षा है।
बागेश्वर पहुंचने पर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा गया और उन्होंने अगले चरण के लिए यात्रा शुरू की। प्रतिभागी भारत मेहता ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे देश की चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस में से एक बताया। उन्होंने कहा कि कठिन रास्ते क्षमता का इम्तिहान लेते हैं, लेकिन उत्तराखंड के प्राकृतिक नजारे इस सफर को यादगार बना रहे हैं।
जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है। उनके अनुसार, ऐसी प्रतियोगिताएं देशभर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं और युवाओं में साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ाती हैं। प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां और प्राकृतिक सुंदरता इस तरह के आयोजनों के लिए अनुकूल हैं।
