केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित नए परिसीमन की व्यवस्था लागू होने पर उत्तराखंड में लोकसभा की सीटें पांच से बढ़कर आठ हो सकती हैं। राज्य में फिलहाल पांच सीटें हैं, जिनमें पौड़ी गढ़वाल, टिहरी, अल्मोड़ा, हरिद्वार तथा नैनीताल-ऊधमसिंहनगर शामिल हैं। इनमें से तीन सीटें पर्वतीय क्षेत्र और दो मैदानी क्षेत्र के अंतर्गत आती हैं। माना जा रहा है कि परिसीमन के बाद पर्वतीय क्षेत्र को दो और मैदानी क्षेत्र को एक अतिरिक्त सीट मिल सकती है। हालांकि, सीटों की संख्या को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
केंद्र की मोदी सरकार ने शुक्रवार को लोकसभा की सीटों में सभी राज्यों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। इस संबंध में नया परिसीमन विधेयक 30 नवंबर से प्रारंभ हो रहे संसद के विशेष सत्र में प्रस्तुत किया जा सकता है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार लोकसभा सीटों की वर्तमान संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि हो सकेगी।
माना जा रहा है कि 50 प्रतिशत सीट बढ़ने की स्थिति में राज्य के हिस्से में ढाई सीट आती हैं। नए परिसीमन के बाद राज्य में आनुपातिक वृद्धि होने पर लगभग तीन सीटों की वृद्धि होने का अनुमान है।
राज्य के दुर्गम व दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों का लोकसभा में प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत अधिक बढ़ सकता है। इन क्षेत्रों के उचित प्रतिनिधित्व की मांग जोर पकड़ती रही है।
