भारतीय रेलवे में सुरक्षा को लेकर एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। 24 अक्टूबर को एक खाली वंदे भारत ट्रेन का रैक खराब ब्रेकिंग सिस्टम के बावजूद झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी तक करीब 463 किलोमीटर का सफर तय करता रहा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस रैक को मालगाड़ी के इंजन से खींचा जा रहा था और नियमों के तहत पैसेंजर ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम को इंजन के ब्रेकिंग सिस्टम से पूरी तरह जोड़ा जाना जरूरी था, लेकिन संबंधित कर्मचारियों ने ऐसा नहीं किया।
7 नवंबर को जारी आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार, हटिया-रांची सेक्शन में लोको पायलट ने ब्रेक फील और ब्रेक पावर टेस्ट में ब्रेक पावर कमजोर पाई और रांची स्टेशन पर सेक्शन कंट्रोलर व ट्रैक्शन लोको कंट्रोलर को लिखित शिकायत दी, फिर भी ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई। मुरी स्टेशन पर दूसरे लोको पायलट ने भी प्रेशर रिलीज करने पर ब्रेक काम न करने की शिकायत की, लेकिन ट्रेन नहीं रोकी गई।
चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर जांच में पता चला कि ट्रेन के सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम बंद थे। पूरा सफर ट्रेन सिर्फ इंजन के ब्रेक और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग के भरोसे तय करती रही। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए रांची के मंडल रेल प्रबंधक को विस्तृत जांच का आदेश दिया है।
शुरुआती जांच में कोच एंड वैगन रखरखाव कर्मचारियों, संबंधित स्टेशनों के सेक्शन व ट्रैक्शन कंट्रोलर्स और हटिया से डीडीयू के बीच ट्रेन चलाने वाले क्रू को जिम्मेदार ठहराया गया है। जोन ने दोषी कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए हैं।
