वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित प्रतापपुर गांव में बुधवार को लोक समिति के तत्वाधान में महिला हिंसा विरोधी पखवाड़े की शुरुआत की गई। पहले दिन सैकड़ों महिलाओं, किशोरियों और गांव के लोगों ने रैली निकालकर महिला हिंसा, लैंगिक भेदभाव, बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ प्रदर्शन किया।

रैली में शामिल लोगों ने "चुप नहीं रहना है, हिंसा नहीं सहना है", "बाल विवाह बंद करो", "महिला हिंसा बंद करो", "दहेज प्रथा पर रोक लगाओ" और "यौन हिंसा पर रोक लगाओ" जैसे नारे लगाए। आयोजकों के अनुसार, यह पखवाड़ा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 25 नवंबर से 16 दिसंबर तक मनाया जाता है, जिसका संदेश है "भेदभाव मिटाएंगे, नया समाज बनाएंगे"।

इस अवसर पर महिलाओं ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा पर बात करना जरूरी है और सबको मिलकर इसे दूर करना है। लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि पुरुष प्रधान ढांचागत व्यवस्था को भी बदलना होगा। उन्होंने कहा कि सबको यह तय करना है कि अब और हिंसा नहीं सहेंगे, प्रश्न पूछने की आदत डालनी चाहिए और अंधविश्वास को तोड़ना चाहिए, क्योंकि वे भी हिंसा का साधन बनते हैं।

कार्यक्रम में अनीता, सोनी, रामबचन, मनीषा, आशा राय, वंदना, ऊषा राय, दुर्गावती, कुसुम, आरती, अर्चना, रेनू सहित गांव की अन्य महिलाएं और किशोरी लड़कियां शामिल रहीं।