वियतनाम के उत्तर-पूर्वी तट पर स्थित हा लॉन्ग बे इन दिनों वैश्विक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। हाल के सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 10 महीनों में यहां करीब 30 लाख पर्यटक पहुंचे, जिससे वियतनाम को 700 अरब वियतनामी डोंग यानी लगभग 230 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई है।

यहां आने वाले कुल पर्यटकों में करीब 65 फीसदी विदेशी सैलानी हैं, जो यूरोप, अमेरिका और एशिया के विभिन्न हिस्सों से आते हैं। अगस्त से अक्टूबर के बीच के तीन महीनों में ही 6.85 लाख से अधिक पर्यटकों ने यहां पहुंचकर महामारी के बाद तेज वापसी का संकेत दिया।

करीब 65,650 हेक्टेयर में फैले इस द्वीपसमूह में 1,600 से अधिक चूना पत्थर के टापू हैं। यहां की गुफाएं करीब 50 करोड़ साल पुरानी बताई जाती हैं। वर्ष 1994 में यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर का दर्जा दिया था। लकड़ी की नावों और क्रूज से टापुओं के बीच सफर, कयाकिंग और सूर्यास्त का नजारा पर्यटकों को खास अनुभव देता है।

भारतीय यात्रियों के बीच भी हा लॉन्ग बे की लोकप्रियता बढ़ी है। वियतनाम की ई-वीसा प्रक्रिया सरल मानी जाती है और यहां शाकाहारी व भारतीय स्वाद के अनुरूप भोजन उपलब्ध होने से यात्रा आसान हो जाती है। कम बजट में लग्जरी क्रूज का अनुभव मिलने से कपल्स, परिवार और अकेले घूमने वाले यात्री इस ओर आकर्षित हो रहे हैं।