तेहरान/वाशिंगटन: ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने शनिवार को दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में नियमों का उल्लंघन कर रहे दो तेल टैंकर बारूदी सुरंगों से टकरा गए, जिससे उनमें विस्फोट हुआ और आग लग गई। आईआरजीसी के आधिकारिक समाचार माध्यम 'सेपाह न्यूज' के अनुसार, एक टैंकर ओमान के खसाब बंदरगाह के पास सुरंग की चपेट में आया, जबकि दूसरा होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में एक 'अनधिकृत' समुद्री मार्ग पर विस्फोट का शिकार हुआ। नौसेना ने आरोप लगाया कि जहाजों ने अपने जीपीएस सिस्टम बंद कर रखे थे और वे चुपचाप जलडमरूमध्य के एक 'अवैध' रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। आईआरजीसी ने चेतावनी दी कि इस मार्ग पर पूरी तरह बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं और तेल टैंकरों की कोशिशें तथा अमेरिकी सेना की हवाई मदद भी उन्हें इन सुरंगों से टकराने से नहीं बचा सकतीं। तेहरान ने साफ किया है कि वह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखेगा और लगाए गए प्रतिबंधों का मुकाबला करेगा।

वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया है कि उसने ओमान की खाड़ी में एक व्यावसायिक जहाज को निष्क्रिय कर दिया, क्योंकि उसका चालक दल ईरानी बंदरगाह से निकलने के बाद कई चेतावनियों के बावजूद अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को पार करने की कोशिश कर रहा था। सेंटकॉम के अनुसार, यह घटना 26 नवंबर को हुई। पलाऊ के झंडे वाला मालवाहक जहाज एम/वी पैसिफिक आर्चर ईरान के बंदर अब्बास से रवाना हुआ था। अमेरिकी सेना के एक विमान ने सटीक हथियारों से जहाज के पिछले हिस्से को निशाना बनाया, जिससे उसकी आगे बढ़ने की क्षमता बंद हो गई, लेकिन जहाज पर मौजूद नागरिक चालक दल सुरक्षित रहा।

सेंटकॉम ने कहा कि अमेरिकी बल नाकेबंदी को सख्ती से लागू कर रहे हैं। उनके अनुसार, अब तक 158 व्यावसायिक जहाजों को निर्देश मानने के बाद दूसरे रास्ते पर भेजा गया है, जबकि आदेशों का पालन न करने वाले छह जहाजों को निष्क्रिय किया गया है। अमेरिकी सेना ने क्षेत्र में काम कर रहे सभी जहाजों और नाविकों से अपील की है कि वे ओमान की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास सेंटकॉम की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करें।