जॉर्ज मेसन यूनिवर्सिटी के अर्थशास्त्री प्रोफेसर एलेक्स तबारोक ने वर्ल्ड बैंक के आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर दावा किया है कि भारत प्रति व्यक्ति आय और विकास के पैमाने पर चीन से करीब 15 साल पीछे है, लेकिन उसकी विकास दर अब चीन से तेज हो चुकी है। उनके मुताबिक, क्रय शक्ति समता (PPP) के आधार पर 2025 में भारत की प्रति व्यक्ति जीडीपी 10,039 डॉलर तक पहुंच गई है, जो 1990 के स्तर से करीब पांच गुना ज्यादा है और 2009 के अंत में चीन की आर्थिक स्थिति के बराबर है। तबारोक का कहना है कि चीन ने 1978 में आर्थिक सुधार शुरू किए थे, जबकि भारत ने 1991 में उदारीकरण अपनाया, और यही 15 साल का अंतर आज दिखाई देता है। भारत की तीन साल की वार्षिक प्रति व्यक्ति विकास दर 6.3 फीसदी है, जो चीन के 5.3 फीसदी से ज्यादा है। उनके अनुसार, अगर भारत 6 फीसदी की दर से बढ़ता रहा तो अगले 15 सालों में प्रति व्यक्ति आय 20,000 डॉलर तक पहुंच जाएगी। इन आंकड़ों के मुताबिक भारत में गरीबी 1993 के 47.5 फीसदी से घटकर 2023 में 2.6 फीसदी रह गई है और बिजली की पहुंच 99.9 फीसदी तक हो गई है।

इस बीच भारत की तेज आर्थिक रफ्तार और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण की बढ़ती मांग के बीच चीन ने सप्लाई चेन को हथियार बनाना शुरू किया है। भारत अभी चीन और अमेरिका के बाद निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरणों (CIE) का दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा बाजार है, जिसका आकार 97,500 करोड़ रुपये है और 2029-30 तक इसके 2.28 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है। भारत अभी भी अपनी 45 फीसदी जरूरतें इंपोर्ट से पूरी करता है। चीन के वाणिज्य मंत्रालय की ओर से टनल बोरिंग मशीन (TBM) जैसे महत्वपूर्ण उपकरणों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के बाद भारत की चिंता बढ़ गई थी और मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के लिए जर्मन कंपनी की टनल बोरिंग मशीन भी चीन से शिप होने के चलते देरी का शिकार हुई थी।

इस आयात निर्भरता को खत्म करने के लिए केंद्रीय कैबिनेट ने बीते बुधवार को 11,000 करोड़ रुपये की बड़ी योजना को मंजूरी दी है, जिसका मकसद देश में ही टनल बोरिंग मशीन, शिप-टू-शोर क्रेन और हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर जैसे हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग उपकरणों के उत्पादन को बढ़ावा देना है। भारत के इस फैसले के ठीक एक दिन बाद चीनी मुखपत्र 'ग्लोबल टाइम्स' ने एक संपादकीय में कहा कि भारत का आत्मनिर्भरता अभियान 'चीन-विरोधी' या 'डी-चाइना' नैरेटिव से प्रेरित नहीं होना चाहिए और आत्मनिर्भरता का मतलब खुद को अलग-थलग करना या संरक्षणवाद अपनाना नहीं है।

ग्लोबल टाइम्स ने 1980 के दशक में चीन के अनुभव का हवाला देते हुए भारत को सलाह दी कि जब तक उसका अपना औद्योगिक आधार पूरी तरह परिपक्व न हो जाए, तब तक उसे व्यापार बाधाएं या टैरिफ नहीं लगाने चाहिए, क्योंकि इससे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की लागत बढ़ सकती है। दूसरी ओर अर्थशास्त्री तबारोक का भी मानना है कि चीन की बराबरी करने और विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए भारत को श्रम और भूमि बाजारों में सुधार, तेज न्याय व्यवस्था और मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को मजबूत करने पर काफी काम करना होगा।