नीट पेपर लीक आंदोलन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी का अहम चेहरा रहे विजेता दहिया इन दिनों अपने राजनीतिक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर सक्रिय दहिया अगले साल पांच राज्यों में होने वाले चुनावों को लेकर भी खुलकर अपनी राय रखते रहते हैं। इस बीच उनका गुस्सा आम आदमी पार्टी पर फूटा है। कभी आप को समर्थन दे चुके दहिया ने पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा है।

दरअसल, मनीष सिसोदिया हाल ही में बागेश्वर बाबा यानी धीरेंद्र शास्त्री के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। वहां उन्होंने पंजाब चुनाव में मान सरकार की दोबारा जीत के लिए बाबा से आशीर्वाद भी मांगा। इस पर विजेता दहिया भड़क गए और उन्होंने सवाल किया कि राजनीति में कोई अपना स्तर इतना कैसे गिरा सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि वह पहले आम आदमी पार्टी का समर्थन कर चुके हैं।

मंगलवार रात पोस्ट किए गए एक वीडियो में विजेता दहिया ने कहा कि मनीष सिसोदिया उस बाबा से आशीर्वाद मांग रहे हैं जो कथित तौर पर जात-पात खत्म करने के पक्ष में नहीं है, नफरत फैलाता है, बुलडोजर चलाने की बात करता है और अंधविश्वास व पाखंड फैलाता है। दहिया ने कहा कि पांच साल में कुछ काम नहीं किया गया क्या, जिसके चलते ऐसा करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी जीत पर वह थूकते हैं और ऐसी राजनीति पर भी थूकते हैं।

दहिया ने आगे अपना दुख बताया कि इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन के दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी के समर्थन में नारे लगाए थे और उम्मीद थी कि यह पार्टी कुछ अच्छा करेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मनीष सिसोदिया जैसे पढ़े-लिखे शख्स भी राजनीति के लिए अंधविश्वास का रास्ता अपना रहे हैं, तो उनमें और बाकियों में क्या अंतर रह गया है।