महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शरद पवार के रिटायरमेंट की चर्चाओं पर कहा है कि ऐसे में उनके रिटायर होने पर बात करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि पवार आज भी पूरी तरह सक्रिय हैं और विभिन्न काम-काज व प्रोजेक्ट्स में रुचि लेते हैं। वहीं, सुप्रिया सुले ने उन खबरों को सख्ती से खारिज किया है, जिनमें दावा किया गया था कि पवार राजनीति से संन्यास लेने पर विचार कर रहे हैं।

महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कुछ वक्त से शरद पवार के रिटायरमेंट की चर्चा तेज है। मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सबकी इच्छा है कि पवार का स्वास्थ्य अच्छा रहे। फडणवीस ने कहा कि पवार साहेब आज भी पूरी तरह से सक्रिय हैं और विभिन्न काम-काज तथा प्रोजेक्ट्स में रुचि लेते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में उनके रिटायर होने पर चर्चा करना ठीक नहीं है। सीएम ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि शरद पवार अपने पूरे जीवन में कभी भी रुकने वाले नहीं हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद) की कार्यकारी अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने उन खबरों को सख्ती से खारिज किया है, जिनमें दावा किया गया था कि पार्टी प्रमुख शरद पवार राजनीति से संन्यास लेने पर विचार कर रहे हैं। इन खबरों में कहा गया था कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि पार्टी का यह गुट भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल हो सके। सुले ने इन अटकलों को बेहद आपत्तिजनक बताया और कहा कि सार्वजनिक जीवन से कौन हटेगा, यह जनता तय करेगी, न कि अफवाहें फैलाने वाले।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक रिपोर्ट में अज्ञात सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि राकांपा (शरद) गुट के भीतर राजग में शामिल होने को लेकर चर्चा चल रही है। रिपोर्ट के अनुसार, 12 दिसंबर को 86 साल के होने जा रहे पवार को राजनीति से पीछे हटने का सुझाव दिया गया था। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि पार्टी के कुछ नेताओं ने भाजपा नेतृत्व के साथ बातचीत की है। इधर, सूखा प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरान खांसी, कफ और कमजोरी के कारण पवार को पहले पुणे और फिर मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद इन अटकलों ने और जोर पकड़ लिया। सुप्रिया सुले ने कहा कि शरद पवार का राज्यसभा कार्यकाल अभी पांच साल का बचा है, इसलिए वह रिटायर कैसे हो सकते हैं।