पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान किया है। इस गठबंधन के सबसे बड़े हिमायती माने जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ऐलान के वक्त चंडीगढ़ में भाजपा मुख्यालय पर मौजूद नहीं थे। उनकी गैरमौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेस छोड़कर 2022 में भाजपा में शामिल हुए अमरिंदर सिंह के पूर्व प्रेस सचिव विमल सम्बली ने भी इस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि यह हैरान करने वाला है कि जब भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की बात कर रहा था, तब वे भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन के कट्टर समर्थक थे, लेकिन ऐलान के वक्त मंच पर मौजूद नहीं हैं।

इस बीच भाजपा और अमरिंदर सिंह के रिश्तों को लेकर अनुमानों का दौर तेज है। इन अनुमानों को उस वक्त और हवा मिली जब अमरिंदर सिंह 10 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब लॉन्च के कार्यक्रम में पहुंचे थे। उस कार्यक्रम में वह एकमात्र भाजपा नेता थे। हालांकि अमरिंदर सिंह ने अपनी मौजूदगी को निजी बताया था और इसे राजनीति से जोड़ने से इनकार किया था।

गौरतलब है कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने मंगलवार को आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन की घोषणा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दोनों दल पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और मुख्यमंत्री का पद शिरोमणि अकाली दल को मिलेगा। उन्होंने कहा कि अकाली दल गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और अकाली दल के वापस आने से एनडीए पूरा हो गया है।