अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में दैनिक जागरण के 'संवादी' सत्र में अपने संघर्ष और अभिनय यात्रा के अनछुए पहलुओं को साझा किया। उपन्यासकार प्रशांत कश्यप के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि बनारस की तंग गलियों से मुंबई तक का सफर आसान नहीं था। करीब 18 वर्षों के संघर्ष के बाद फिल्म 'मुक्काबाज' ने उनके अभिनय को नई पहचान दिलाई, और इस फिल्म का स्क्रीनप्ले भी उन्होंने खुद लिखा।
विनीत ने बताया कि काशी में जन्म और वहां के वातावरण ने उनके भीतर अध्यात्म का भाव पैदा किया। संघर्ष के दिनों में जब छह-छह महीने तक काम नहीं मिलता था, तो वह खुद को रिचार्ज करने मणिकर्णिका घाट पहुंच जाते थे। वहां करीब दो घंटे बिताने के बाद जीवन की अंतिम सच्चाई का एहसास होता था, जिससे मन को शांति और आगे बढ़ने की नई ऊर्जा मिलती थी। उन्होंने कहा कि चेहरे की रौनक क्रीम से नहीं, बल्कि भीतर चल रही ऊर्जा और उम्मीद से आती है। उनके मुताबिक कलाकार को पानी की तरह होना चाहिए, जो हर परिस्थिति और किरदार के अनुसार खुद को ढाल सके।
मेडिकल कॉलेज के दिनों में दोस्तों ने 'चला मुरारी हीरो बनने' कहकर मजाक भी उड़ाया और दो पन्नों की मैगजीन भी निकाली गई, लेकिन विनीत ने न अपना सपना छोड़ा और न ही मंजिल की ओर बढ़ते कदम रोके। उन्होंने कहा कि इन अनुभवों ने उन्हें सीख दी और अब वह किसी को कुछ साबित करने के लिए काम नहीं करते; उनका लक्ष्य सिर्फ अपने काम के प्रति ईमानदार रहना है। महेंद्र सिंह धोनी को अपना प्रेरणास्रोत बताते हुए उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की रचना 'रश्मिरथी' के प्रसंग 'कृष्ण की चेतावनी' का पाठ भी किया।
दैनिक जागरण से अपने बचपन के रिश्ते को याद करते हुए विनीत ने कहा कि घर में अखबार सिर्फ पढ़ा नहीं जाता था, बल्कि चाटा जाता था। सर्दियों में उसी अखबार पर मूंगफली तोड़ी जाती थी और नमक चाटा जाता था। आगामी परियोजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अक्षय कुमार के साथ क्रिएचर फिल्म 'सामुक' की शूटिंग पूरी कर चुके हैं। इसके अलावा वह 'शक्ति शालिनी', 'दहाड़' सीजन-2 समेत कई फिल्मों व वेब सीरीज में नजर आएंगे।
