इमरान हाशमी और जिनिलिया डिसूजा की फिल्म 'गनमास्टर G9' बॉक्स ऑफिस पर कमजोर शुरुआत के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा में है। फिल्म में अवनीत कौर का एक डांस नंबर सामने आया है, जिसकी सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हो रही है। यूजर्स इसे महिलाओं के ऑब्जेक्टिफिकेशन से जोड़कर देख रहे हैं और इसकी तुलना 'पेद्दी' फिल्म में जाह्नवी कपूर के किरदार से कर रहे हैं। अवनीत के डांस स्टेप्स पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं, खासकर उनकी उम्र को लेकर।

सोशल मीडिया पर अवनीत कौर के इस स्पेशल अपीयरेंस का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा कि अवनीत अभी 25 साल की हुई हैं और ऐसे स्टेप्स भद्दे हैं। उन्होंने सवाल किया कि उन्हें आइटम नंबर करने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है। एक अन्य यूजर ने पूछा कि एक्ट्रेसेस का इस तरह सेक्सुअलाइजेशन कब बंद होगा। कुछ यूजर्स ने 'पेद्दी' के गानों पर दिखाए गए गुस्से की तुलना करते हुए सवाल किया कि यहां वह प्रतिक्रिया क्यों नहीं दिख रही।

एक यूजर ने लिखा कि इंडस्ट्री का यह हाल देखकर दुख होता है और अवनीत जैसी टैलेंटेड लड़की को इस तरह के दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। एक कमेंट में कहा गया कि अच्छा अभिनय टैलेंट होने के बावजूद इंस्टाग्राम के इन्फ्लुएंसर्स के चक्कर में करियर प्रभावित हुआ है। एक अन्य यूजर ने सवाल किया कि महिलाएं ऐसे स्टेप्स पर डांस करने के लिए कैसे सहमत होती हैं।

बता दें कि 'गनमास्टर G9' शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। सैकनिक के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 3.65 करोड़ रुपये की कमाई की। ट्रेड जानकारों को उम्मीद थी कि फिल्म पहले दिन लगभग 8 करोड़ रुपये कमाएगी, जबकि 6 करोड़ रुपये की कमाई होने की अधिक संभावना जताई गई थी।