अभिनेता पंकज त्रिपाठी इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘पारिवारिक मनु रंजन’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वे रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। पर्दे पर सकारात्मक और नकारात्मक दोनों तरह के किरदार निभा चुके पंकज खुद को असल जिंदगी में भी रोमांटिक मानते हैं, हालांकि उनके लिए रोमांस के मायने अलग हैं। रूमानियत समेत कई मुद्दों पर उन्होंने खुलकर बात की।

प्रेम की व्याख्या करते हुए पंकज त्रिपाठी ने कहा कि किसी को बहुत ज्यादा ओवर वेल्म नहीं करना चाहिए। उनके मुताबिक, कई बार लोग रोमांटिक होकर अतिशयोक्ति करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि ज्यादातर रोमांस सिनेमा से समाज में आया है और सिनेमा ने महिलाओं की अपेक्षाएं बढ़ा दी हैं कि हीरो जैसा करता है, वैसा ही उनसे भी उम्मीद की जाती है। उनके अनुसार, प्रेम तो किसी को एक गिलास पानी देने में भी है। उन्होंने बताया कि उनकी फिल्म में एक छोटा-सा सीन था, जो अभी फिल्म में नहीं है, जिसमें घर में काम करने वाली महिला के बीमार होने पर सुबह उसके लिए खिचड़ी बनाकर जाना और एक नोट छोड़ना दिखाया गया था। उनका कहना है कि कई बार छोटी-छोटी पहल रोमांस का परिचायक हो सकती हैं।

असल जिंदगी में रोमांस को लेकर पंकज ने कहा कि वे उतने ही रोमांटिक हैं, जितना अपनी फिल्म के किरदार में। उनके मुताबिक, प्रेम सिर्फ बांहें फैलाने, रंगीन कपड़े पहनने और पहाड़ों पर जाकर किसी फैंटेसी को जीने का नाम नहीं है, बल्कि हाथ में हाथ डालकर सुबह पार्क में टहलने में भी है। उन्होंने कहा कि सिनेमा ने प्रेम को कुछ ऐसा बना दिया है कि भारतीय पुरुष भी दबाव में जीने लगे हैं कि उन्हें भी वैसा ही करना चाहिए। अपनी बेटी आशी के अभिनय की दुनिया में कदम रखने पर उन्होंने कहा कि अच्छा लगता है और उन्होंने बेटी को जिंदगी जीने की पूरी छूट दी है।

अपनी सादगी और सहजता पर पंकज ने कहा कि यह प्रकृति की बनावट है और उन्होंने इसे बिगड़ने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने सफलता, सिनेमा और उसके फ्रेम को खुद पर हावी नहीं होने दिया। अपनी साथी अभिनेत्रियों का सम्मान करते हुए उन्होंने कहा कि जिस समाज से वे आते हैं, वहां एक लड़की के लिए घर से निकलकर सिनेमा में आना बड़ी लड़ाई रही है। उन्होंने कहा कि यह दुनिया महिलाओं की वजह से खूबसूरत है।