कार्यक्रम में साहित्य, कला और विचारों के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी बड़ा मंच मिला। लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में चित्रकारों, हस्तनिर्मित उत्पाद विक्रेताओं और गीतकारों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया और दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
चित्रकार कार्तिक शर्मा ने दो दिनों में 300 से अधिक लोगों के चित्र बनाए। उनकी कला देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटती रही और लोगों ने चित्रकारी के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। इस तरह उनकी कला को खूब सराहना मिली और उन्हें नए दर्शकों तक पहुंचने का अवसर भी मिला।
ओपन माइक प्रतिभाओं के लिए खास आकर्षण रहा, जहां स्थानीय गीतकारों और संगीत प्रेमियों ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। किसी ने सुरीले गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया तो किसी ने अपनी प्रस्तुति से तालियां बटोरीं। विभिन्न थीम पर बने सेल्फी प्वाइंट भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे।
स्टाल संचालक स्मिता सोनी पिछले तीन वर्षों से इस आयोजन में अपने हस्तनिर्मित गहने, पर्स और अन्य उत्पादों का स्टाल लगा रही हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार यहां स्टाल लगाने के बाद उन्हें दूसरे आयोजनों से भी प्रस्ताव मिलने लगे। इस बार दो दिनों में 400 से अधिक लोगों ने उनके स्टाल से खरीदारी की। उनके लिए यह आयोजन सिर्फ बिक्री का मंच नहीं, बल्कि अपने हुनर को पहचान दिलाने का माध्यम भी बना है।
