हैदराबाद में वॉटरमैन ऑफ इंडिया राजेंद्र सिंह ने तेलंगाना सरकार से कहा है कि मूसी नदी के विकास में गुजरात की साबरमती नदी का मॉडल न अपनाया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि मूसी की अपनी प्राकृतिक परिस्थितियों और जरूरतों के अनुसार अलग मॉडल तैयार किया जाना चाहिए। साबरमती रिवरफ्रंट का विकास मॉडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौरान तैयार हुआ था। गौरतलब है कि राजेंद्र सिंह ने सरकार से एक भी रुपया लिए बिना 33 छोटी नदियों को फिर से जीवित करने का काम किया है।
राजेंद्र सिंह ने शुक्रवार को तेलंगाना क्लाइमेट कॉन्क्लेव के कर्टेन रेजर कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को संबोधित करते हुए ये सुझाव दिए। यह कॉन्क्लेव 7 से 9 दिसंबर के बीच आयोजित होना है। इस कार्यक्रम में ऑर्ट ऑफ लिविंग संस्था के प्रमुख श्री श्री रविशंकर भी मौजूद थे। सिंह ने विकास के ऐसे मॉडल पर सवाल उठाया, जिसमें आर्थिक और व्यावसायिक ढांचे को प्राथमिकता दी जाती है। उनके मुताबिक, ठेकेदारों और कॉरपोरेट कंपनियों के नियंत्रण वाला विकास पर्यावरण को नुकसान पहुंचा सकता है और स्थानीय संस्कृति को कमजोर कर सकता है। उनका स्पष्ट संदेश था कि नदी का विकास लोगों को केंद्र में रखकर होना चाहिए, न कि केवल निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों को ध्यान में रखकर।
राजेंद्र सिंह ने सुझाव दिया कि नदी के किनारों पर तीन स्तरों में पेड़-पौधे लगाए जाएं। नदी के बिल्कुल पास छोटे झाड़ और पौधे हों, इसके पीछे मध्यम ऊंचाई वाले पेड़ और सबसे पीछे ऊंचे पेड़ लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि इससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप बना रहेगा और आसपास हरियाली भी विकसित होगी। सिंह ने नदी के किनारों पर बड़े पैमाने पर कंक्रीट निर्माण से बचने की सलाह दी और कहा कि मूसी को नदी ही रहने दिया जाए, उसे नहर जैसा स्वरूप न दिया जाए। उनके अनुसार नदी के प्राकृतिक बहाव और उसके पारिस्थितिक तंत्र को सुरक्षित रखना जरूरी है। उन्होंने साबरमती रिवरफ्रंट मॉडल की नकल न करने की सलाह दी और हैदराबाद डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी (HYDRAA) की ओर से शहर की झीलों के पुनर्जीवन के लिए किए जा रहे काम की तारीफ की।
तेलंगाना सरकार हैदराबाद में मूसी नदी के करीब 55 किलोमीटर के हिस्से को विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। इसमें नदी के किनारों को पर्यटन, मनोरंजन और आर्थिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। साबरमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर नदी के किनारे सुविधाएं विकसित करने की योजना को लेकर पर्यावरणविदों और सामाजिक संगठनों ने सवाल उठाए हैं। तेलंगाना में बहने वाली मूसी नदी की कुल लंबाई लगभग 240 से 260 किलोमीटर है। यह विकाराबाद जिले की अनंतगिरि पहाड़ियों से निकलती है और नालगोंडा जिले के वडापल्ली में वजीराबाद के पास कृष्णा नदी में जाकर मिलती है।
