सर्दियों के मौसम में दोस्तों और परिवार के साथ गर्मागर्म पकवानों का मजा लेने के लिए पॉटलक पार्टी एक अच्छा विकल्प है। इसमें मेजबानी का जिम्मा किसी एक व्यक्ति पर नहीं होता, बल्कि आने वाले सभी मेहमान अपने साथ एक-एक डिश बनाकर लाते हैं। पॉटलक शब्द पॉट यानी बर्तन और लक यानी भाग्य से बना है। पहले जब मेहमान अचानक आते थे तो घर में जो बना होता था वही परोस दिया जाता था, जो बाद में एक आधुनिक परंपरा के रूप में पॉटलक पार्टी बन गई। इस पार्टी की खासियत यह है कि इसमें शामिल सभी लोग मेहमान भी होते हैं और मेजबान भी। जब सभी अपनी बनाई डिश मेज पर रखते हैं तो माहौल किसी शाही भोज जैसा बन जाता है। यह अपनापन, साझेदारी और खुशियां बांटने का जरिया है।
पॉटलक पार्टी आयोजित करने के लिए किसी महंगे वेन्यू या बड़े तामझाम की जरूरत नहीं होती। इसके लिए सबसे पहले घर की छत, सोसायटी का क्लब या पार्क जैसी कोई जगह चुन सकते हैं। वेन्यू तय करने के बाद पार्टी की तारीख और दिन तय करें और सभी के साथ डिशेज पर भी बात कर लें, ताकि कोई डिश दोहराई न जाए। सादे पकवानों की जगह वेरिएशन और क्रिएटिविटी वाली डिशेज स्वाद का मजा दोगुना कर देती हैं। अगर चाहें तो कोई थीम भी रख सकते हैं, जैसे सभी को हरे या लाल रंग वाले पकवान बनाकर लाने हों, इससे पार्टी यादगार बन सकती है। पॉटलक को सिर्फ खाने तक सीमित न रखें, इसमें गेम्स जोड़कर इसे और दिलचस्प बनाया जा सकता है।
