यमुनानगर में रविवार सुबह कार्तिक स्नान के दौरान पश्चिमी यमुना नहर में 55 वर्षीय एक महिला डूब गई। हादसा सुबह करीब चार बजे बाडी माजरा पुल के नजदीक हुआ। महिला की पहचान आईटीआई के समीप अमरपुरी कॉलोनी निवासी ममता रानी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, ममता रानी रविवार सुबह अपने परिवार के साथ पश्चिमी यमुना नहर में कार्तिक स्नान करने पहुंची थी। परिवार के लोग नहर की सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान ममता का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में गिर गईं।

मां को नहर में डूबता देख बेटे ने तुरंत हाथ बढ़ाकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण वह उन्हें पकड़ नहीं सका और उसका प्रयास सफल नहीं हो सका।

महिला के नहर में डूबने से परिवार में चीख-पुकार मच गई।