असम के नागांव जिले में पुलिस ने जुनुद्दीन अहमद नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उस पर हिंदू पहचान बताकर और अलग-अलग फर्जी नामों का इस्तेमाल करके छह महिलाओं से शादी करने का आरोप है। आरोपी नागांव के समागुरी इलाके के सोनारीबली का रहने वाला बताया गया है।

मामला तब सामने आया जब आरोपी की पहली पत्नी रंजू मुसाहारी (उर्फ फरीदा बेगम) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, अहमद ने अपनी असली पहचान छिपाकर राजू बोरा, उत्पल बोरा और उत्पल सैकिया जैसे हिंदू नामों का इस्तेमाल किया। आरोप है कि उसने साल 2001 में तेजपुर की एक बोडो महिला से खुद को राजू बोरा बताकर शादी की और इसके बाद कालियाबोर, कार्बी आंगलोंग, तेजपुर और अन्य इलाकों में पहचान बदल-बदलकर कई और महिलाओं से शादियां कीं। फर्जी पहचान साबित करने के लिए उसने नकली ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और बैंक पासबुक जैसे दस्तावेजों का सहारा लिया।

गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बात करते हुए पत्नी ने कहा कि वह बहुत खुश है कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और वह साल 2001 से तकलीफ झेल रही है। उसने आरोप लगाया कि अहमद ने कुल छह महिलाओं से शादी की। महिला ने अपने भविष्य को लेकर चिंता जताई और कहा कि फिलहाल उसकी छोटी बहन उसकी मदद कर रही है। उसने यह भी आरोप लगाया कि अहमद ने उसके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का विरोध किया और उन पर काम करके पैसे कमाने का दबाव बनाया, जिसकी वजह से बच्चों को स्कूल और कॉलेज बीच में ही छोड़ना पड़ा। महिला ने अपनी सास पर भी इस फर्जीवाड़े में शामिल होने का आरोप लगाया।

शिकायत के आधार पर हटोवाल पुलिस ने जुनुद्दीन अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस नंबर 40/26 दर्ज किया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 82, 84, 83, 81, 69 और 319 लगाई गई हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।