वृंदावन के चंद्रोदय मंदिर में रविवार को कार्तिक उत्सव के तहत श्रीश्रीराधा वृंदावन चंद्र की दिव्य रथयात्रा निकाली गई। चालीस फुट ऊंचे चंदन की लकड़ी के रथ पर ठाकुरजी विराजमान हुए। रथ के आगे धर्मदंड लेकर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल चलीं। साथ में एडीजी एसके भगत और विधायक श्रीकांत शर्मा भी मौजूद रहे।
छटीकरा मार्ग स्थित मंदिर में तीन दिवसीय कार्तिक उत्सव चल रहा है, जिसमें रविवार को रथयात्रा महोत्सव मनाया गया। गर्भगृह से पालकी में ठाकुरजी को बाहर लाकर फूलों से सजे चंदन के रथ पर विराजमान किया गया। रथ को भक्तों ने खींचकर पूरे मंदिर परिसर की परिक्रमा कराई। इस दौरान भारतीय पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि और हरिनाम संकीर्तन के बीच मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।
जगह-जगह भक्तों ने आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर ठाकुरजी का स्वागत किया। साइना नेहवाल, एसके भगत और श्रीकांत शर्मा ने आराध्य की आरती उतारकर मंदिर में दीपदान किया। भक्ति संगीत और महामंत्र संकीर्तन के बीच निकली शोभायात्रा ने वातावरण को आस्था के रंग में सराबोर कर दिया।
रथयात्रा के समापन पर भगवान श्रीश्रीराधा वृंदावन चंद्र को छप्पन भोग अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्रीदामोदराष्टकम का गान किया और आराध्य के चरणों में दीपदान किया। दीपकों की स्वर्णिम आभा, पुष्पों की सज्जा और हरिनाम संकीर्तन की स्वर लहरियों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
