गाजियाबाद में पुलिस भर्ती के मेडिकल परीक्षण का तीसरा और अंतिम चरण जारी है। 47वीं वाहिनी गोविंदपुरम में 14 से 21 नवंबर तक चली मेडिकल जांच प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब सोमवार से चार दिसंबर तक वैशाली स्थित 41वीं वाहिनी पीएसी परिसर में अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। इस दौरान पांच चिकित्सक प्रतिदिन कम से कम 70 अभ्यर्थियों की जांच करेंगे।
मेडिकल बोर्ड में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन इस बार पुलिस का सर्किल बदल दिया गया है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अमित विक्रम का दावा है कि परीक्षण प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शिता के आधार पर की जा रही है। उल्लेखनीय है कि मेडिकल परीक्षण की वीडियोग्राफी नहीं होती है। इससे पहले 12 और 13 नवंबर को पुलिस लाइन गाजियाबाद में मेडिकल परीक्षण आयोजित किया गया था।
मेडिकल में पास कराने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कविनगर थाने में 18 नवंबर को एफआइआर दर्ज कराई गई थी। 19 नवंबर को पुलिस ने एफआइआर में नामजद तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जिसके बाद पुलिस के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जांच प्रक्रिया से जुड़े सभी संबंधितों से पूछताछ की जाएगी और मोबाइल की सीडीआर के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
बता दें कि सात नवंबर 2026 को सीएमओ ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 में चयनित अभ्यर्थियों के चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिले में तैनात पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का गठन किया था। एसीएमओ डॉ. अमित विक्रम को बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेन्द्र कुमार, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. विनय कान्त, ईएनटी डॉ. राजेन्द्र कुमार गोला और महिला चिकित्साधिकारी डॉ. शिखा त्रिपाठी बोर्ड के सदस्य हैं। इसके अलावा डॉ. नीरज सिंह, डॉ. एके सिंह, डॉ. चन्द्र मोहन शेखर, डॉ. नदीम और डॉ. संगीता सिंह की ड्यूटी रिजर्व में लगाई गई है।
