गोवा में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के कार्यकर्ताओं ने आदिवासियों की जमीन, रोजगार और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े मुद्दों पर चिंता जताई है। सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासियों के अधिकार छीनने के साथ उनकी जमीनें भी हड़प रही है। उन्होंने कहा कि करापुर में गांव की जमीन मंत्रियों के बिल्डर दोस्तों को दे दी गई है। दिपके ने कहा कि करापुर के लोगों को जीएमसी अस्पताल पहुंचने के लिए डेढ़ घंटे का सफर तय करना पड़ता है।
दिपके ने आरोप लगाया कि गांव के नायक गौरीश गडी पर बेरहमी से हमला किया गया, जो लोगों के हक के लिए लड़ रहे थे। उन्होंने कहा कि भू-माफिया ने उन्हें इतनी बुरी तरह पीटा कि उनके सिर पर आठ टांके आए और हाथ भी टूट गया। दिपके ने गडी को तुरंत सुरक्षा देने की मांग की और कहा कि दोबारा हमला होने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने कहा कि यह शर्म की बात है कि गोवा के लोगों की जमीन छीनी जा रही है और पूंजीपतियों को दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सीजेपी नागरिकों के साथ मिलकर 'नागरिक घोषणापत्र' तैयार करेगी और आने वाले चुनावों में लोगों से केवल उन्हीं पार्टियों को वोट देने की अपील करेगी जो उनकी मांगों से सहमत हों। घोषणापत्र का पहला एजेंडा '39ए' को रद्द करना होगा।
सौरभ दास ने कहा कि आदिवासी समुदायों के अधिकारों का लंबे समय से हनन होता आ रहा है और गोवा भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि 39ए का मुद्दा पूरे गोवा के लिए बड़ी चिंता बन गया है। दास ने बताया कि अगले दो महीनों के भीतर सीजेपी गोवा की टीम 'नागरिक घोषणापत्र' जारी करेगी, जिसमें 39ए के साथ आदिवासी समुदायों के अधिकारों के हनन का भी जिक्र होगा।