पटना में थोरैसिक सोसाइटी ऑफ बिहार के वार्षिक सम्मेलन ब्रीथकान-2026 में विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि रसोई का धुआं, पक्षी पालने का शौक और वायु प्रदूषण फेफड़ों की गंभीर बीमारी इंटरस्टिशियल लंग डिजीज (आईएलडी) का खतरा बढ़ा सकते हैं। पल्मोनोलाजिस्ट डॉ. एसके मधुकर ने बताया कि पटना और प्रदेश में आईएलडी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

सम्मेलन में डॉ. मधुकर ने कहा कि लंबे समय तक घर के अंदर के धुएं, बारीक धूल कणों तथा पक्षियों के पंखों और बीट से निकले सूक्ष्म कणों के लगातार अंदर जाने से आईएलडी का खतरा बढ़ जाता है। इस रोग में फेफड़ों के ऊतकों में सूजन के साथ धीरे-धीरे फाइब्रोसिस हो जाता है। समय पर पहचान और उपचार न होने पर इलाज मुश्किल हो जाता है। उन्होंने आईएलडी के चार प्रमुख जोखिम कारक बताए — पक्षियों से संपर्क, वायु प्रदूषण, धूम्रपान और गठिया जैसी ऑटोइम्यून बीमारियां। घरों में धूप-अगरबत्ती के धुएं का नियमित संपर्क भी नुकसानदेह हो सकता है। लगातार सूखी खांसी, थोड़ा चलने या सीढ़ियां चढ़ने पर सांस फूलना और थकान इसके लक्षण हो सकते हैं। एचआरसीटी चेस्ट और पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट से बीमारी की पहचान में मदद मिलती है।

प्रख्यात पल्मोनोलाजिस्ट डॉ. दीपक तलवार ने फेफड़ों के जटिल संक्रमणों में सही पहचान के लिए मल्टीडिसिप्लिनरी डिस्कशन की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फंगल संक्रमण और टीबी के लक्षण तथा सीटी स्कैन की तस्वीरें कई बार मिलती-जुलती होती हैं, ऐसे में केवल लक्षणों के आधार पर टीबी की दवा देने से मरीजों के लिवर पर दुष्प्रभाव हो सकता है। पद्मश्री डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा कि फेफड़ों में सिस्ट बनने वाली आईएलडी की पहचान जटिल होती है और सही निदान के लिए एचआरसीटी, मरीज की मेडिकल हिस्ट्री और पैथोलाजी रिपोर्ट का संयुक्त मूल्यांकन जरूरी है।

कार्यक्रम का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, डॉ. दीपक तलवार, डॉ. रणदीप गुलेरिया, आयोजन सचिव डॉ. प्रकाश सिन्हा, अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार और उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र कुमार आदि ने किया। मौके पर आईजीआईएमएस के निदेशक डॉ. बिन्दे कुमार समेत करीब 500 चिकित्सक उपस्थित थे। स्वास्थ्य मंत्री ने डॉ. दीपक तलवार और डॉ. रणदीप गुलेरिया को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करना चाहती है, जिसमें किसी मरीज को उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े, और सात निश्चय-3 के लक्ष्य सुलभ स्वास्थ्य व सुरक्षित जीवन को पूरा करना है।