पटियाला जिले में पातड़ां-समाना सड़क पर सोमवार सुबह गांव प्रेम सिंह वाला के पास कुहनी मोड़ पर एक कार की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ महिलाओं समेत नौ लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार मूनक क्षेत्र के गांव फतेहगढ़ से आठ महिलाओं समेत कुल 10 लोग कार में सवार होकर धार्मिक स्थल कपाल मोचन में माथा टेकने के लिए जा रहे थे। सोमवार सुबह जब उनकी कार पातड़ां-समाना सड़क पर गांव प्रेम सिंह वाला के पास कुहनी मोड़ पर पहुंची, तो किसी अज्ञात वाहन से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में कार में सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल समाना पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटियाला रेफर कर दिया गया।
पुलिस हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान को लेकर जानकारी जुटा रही है।
