सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में तैनात जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-4 अनिल कुमार पर सोमवार को कड़ी टिप्पणी की। शीर्ष अदालत ने जज को फटकारते हुए कहा कि वे खुद को बाहुबली समझना बंद करें। यह टिप्पणी उस मामले में की गई, जिसमें जज ने तत्कालीन एसपी रौशन कुमार को दोषी ठहराया था।
मामला 29 सितंबर 2026 का है, जब जज अनिल कुमार ने एसपी रौशन कुमार को दोषी ठहराया था। सीजेआई सूर्य कांत तथा जस्टिस जॉयमाल्या बागची और वी मोहना की बेंच ने जज के व्यवहार पर सवाल उठाए और कहा कि कानून की उनकी समझ निराशाजनक है। बेंच ने कहा कि जज को पहले सेक्शन 384 बीएनएसएस और सेक्शन 345 सीआरपीसी की सीमा और दायरे को समझना चाहिए था।
बेंच ने कहा कि अगर कोई किसी को थप्पड़ मारता है, अदालत का अपमान करता है या निर्देश दिए जाने पर अदालत छोड़ने से इंकार करता है, तो यह अदालत के सामने किया गया अपराध है। लेकिन अगर एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने पर कोई उसका पालन नहीं करता, तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जाता।
जस्टिस बागची ने कहा कि जज ने आक्रामक रवैया अपनाते हुए एसपी को बुलाया और उसी दिन उन पर दोषारोपण कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को बुलाने पर उनकी गैर-इरादतन अनुपस्थिति को अदालत के सामने किए गए अपराध के रूप में मानकर दोषी ठहराना और सजा देना जज के क्षेत्र और अधिकार क्षेत्र में था या नहीं। शीर्ष अदालत ने कहा कि जज को प्रशिक्षण के लिए नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी भेजा जाना चाहिए। सीजेआई ने मौखिक रूप से कहा कि न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते समय बाहुबली जैसा व्यवहार करना बंद किया जाए।
