पश्चिम बंगाल सरकार जनवरी से बेरोजगार युवाओं को मासिक भत्ता देगी। सरकारी वोकेशनल संस्थानों और ITIs से पढ़े बेरोजगार ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों को हर महीने ₹2,000 मिलेंगे, जबकि बेरोजगार नॉन-ग्रेजुएट युवाओं को ₹1,500 दिए जाएंगे। यह योजना ‘भरोसा कर्मसूची’ के तहत शुरू की जाएगी। पात्र उम्मीदवारों की उम्र 21 से 45 साल के बीच होनी चाहिए। 2028-29 के वित्त वर्ष से ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों के लिए यह राशि बढ़ाकर ₹3,000 और नॉन-ग्रेजुएट के लिए ₹2,000 कर दी जाएगी।
कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह योजना पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार की ‘युवासाथी’ योजना की जगह शुरू की गई है। उन्होंने कहा, “हम अपने युवाओं से कुछ समय धैर्य रखने की अपील करते हैं। हमने कई नई योजनाएं शुरू की हैं, बकाया राशि चुकाई है और बड़ी वित्तीय जिम्मेदारियां उठाई हैं। हम अपना वादा पूरा करेंगे।”
अधिकारी के मुताबिक, पिछली सरकार की योजना के 54 लाख मौजूदा लाभार्थियों का वेरिफिकेशन 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। जिन लोगों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, वे ‘आपनार सरकार आपनार पासे’ कार्यक्रम के जरिए आवेदन जमा कर सकते हैं। इन आवेदनों को युवा कल्याण विभाग भेजा जाएगा।
भत्ते की राशि हर महीने के दूसरे सप्ताह में लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की जाएगी। योजना की औपचारिक शुरुआत फरवरी में होने वाले एक कार्यक्रम में की जाएगी। एक परिवार से अधिकतम दो लोग इस योजना के लाभार्थी हो सकते हैं। अन्नपूर्णा योजना के तहत हर महीने ₹3,000 पाने वाले लोग इस भत्ते के लिए पात्र नहीं होंगे।
